प्रतापगढ़। जिला अस्पताल के पूर्व सीएमएस व सीनियर चिकित्सक आरडी द्विवेदी व उनके सहयोगी के ऊपर इलाज के लिए आई युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया। इस मामले को लेकर जिला अस्पताल से लेकर नगर कोतवाली तक पांच घंटे हाईवोल्टेज ड्रामा चला। हालांकि सीओ के पहुंचते ही डाक्टर की गिरफ्तारी होने के बाद कोतवाली का माहौल गरमा उठा। पांच सौ मीटर की दूरी तय करने में महिला आरक्षियों को दो घंटे से अधिक का समय लग गया।
जिला अस्पताल में सेवानिवृत्त होने के बाद पुनर्नियोजन के तहत फिर से पूर्व सीएमएस डा. आरडी द्विवेदी की तैनाती हुई थी। वह जिला अस्पताल परिसर मेें ही सरकारी आवास में रहते हैं। बुधवार को शहर की रहने वाली एक युवती अपने भाई के साथ उपचार करने पहुंची। कुछ देर बाद उसके भाई ने डाक्टर व उनके सहयोगी डब्बू सिंह पर उसके साथ अश्लील हरकत करने के साथ ही दुष्कर्म के प्रयास की बात की जाने लगी। भाई ने यही तहरीर पुलिस को दी। हालांकि पुलिस को दिए बयान में युवती ने कहा है कि उसके साथ डाक्टर व उसके सहयोगी ने गंदा काम किया है। इसे लेकर अस्पताल में लगभग 11 बजे से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
हर कोई डाक्टर पर लगे आरोप व युवती के साथ हुई घटना से हैरत में था। पुलिस की भारी भीड़ ओपीडी में बैठे डाक्टर के पास जमा हो गई। करीब दो बजे डाक्टर को पुलिस हिरासत में लेकर कोतवाली आई। 108 एंबुलेंस से डाक्टर व स्वास्थ्यकर्मचारी कोतवाली पहुंचे। यहां करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा। पुलिसिया कार्रवाई से आक्रोशित डाक्टर आक्रोशित थे। वे कोतवाली परिसर में नाराजगी जताने लगे। पुलिसकर्मियों से तीखी झड़प हुई। अचानक सीने में दर्द होने पर डाक्टर की तबियत बिगड़ गई। पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला। बाद में जिला अस्पताल लाया गया। घटना को लेकर कोतवाली से लेकर जिला अस्पताल तक देर शाम तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा।