क्षेत्र के बोधी का पुरवा का एक युवक ट्रक चालक को झांसा देकर दस लाख रुपये लेकर भाग निकला। शिकायत पर हरियाणा पुलिस पहुंची और आरोपी को दबोच लिया। उसके घर से नगदी बरामद हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस हरियाणा लेकर रवाना हो गई। लालगंज के बोधी का पुरवा निवासी मनोज सिंह पुत्र सुरेश सिंह हरियाणा प्रांत में एक व्यवसायी की ट्रक पर क्लीनर है। सप्ताह भर पहले व्यवसायी का ट्रक दिल्ली की मंडी में सामान लेकर गया था। वहां व्यवसायी के दस लाख रुपये लेकर ट्रक चालक वापस लौटने लगा। हरियाणा पहुंचने से पहले वह एक ढाबे पर चालक व क्लीनर मनोज खाना खाने रुक गए। इस बीच किसी बहाने से मनोज वहां से उठा और ट्रक में रखे दस लाख रुपये लेकर भाग निकला। इसकी जानकारी होने पर मनोज के खिलाफ ट्रक मालिक ने केस दर्ज करा दिया। आरोपी की तलाश में हरियाणा पुलिस बुधवार को लालगंज पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को घर से दबोच लिया। पुलिस को आरोपी के घर से छिपाकर रखे गए दस लाख रुपये भी बरामद हो गए। नकदी बरामद करने के बाद आरोपी को लालगंज कोतवाली लाया गया। यहां लिखित सूचना देने के बाद हरियाणा की पुलिस मनोज को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। प्रभारी कोतवाल अमित कुमार पांडेय ने बताया कि पैसा लेकर भाग निकले युवक को हरियाणा पुलिस ले गई है। मामले की जांच वहां की पुलिस कर रही है।