शोहदे से आजिज एक छात्रा पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो गई। रास्ते में आते-जाते मनचला अक्सर उससे ओछी हरकतें करता था। परिजनों ने एंटी रोमियो स्क्वॉयड से इसकी शिकायत की, लेकिन शोहदे के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। इससे छात्रा ने अब स्कूल जाना बंद कर दिया है। छात्रा के परिजन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और छात्रा की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस आरोपी के परिजनों को फटकार लगाकर शांत बैठ गई है।
नगर कोतवाली के अंबेडकर चौराहा, कंपनीबाग इलाके की रहने वाली एक युवती सकेत डिग्री कॉलेज की छात्रा है। वह रोजाना साइकिल से कॉलेज जाती थी। रास्ते में पुरानी दीवानी इलाके का एक युवक उसे देखकर फब्तियां कसता था। शुरू में छात्रा ने उसकी हरकतों को नजरअंदाज कर दिया। इससे उसका मनोबल बढ़ता गया। मनचले ने उसे रोककर छेड़खानी शुरू कर दी। मोबाइल नंबर मांगने लगा। इससे वह तंग आ गई। परेशान होकर उसने परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए कालेज जाना बंद कर दिया। घरवालों ने इसकी जानकारी एंटी रोमियो स्क्वॉयड को दी। इस पर पुलिस शिकायत दर्ज करके आरोपी के घर पहुंच गई। आरोपी नहीं मिला तो उसके पिता को जिला अस्पताल स्थित पुलिस चौकी ले आई। यहां पुलिस ने आरोपी को पिता को फटकार लगाकर बेटे को समझाने की बात कहकर छोड़ दिया। आरोपी के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की। इससे छात्रा के परिजन परेशान हैं। अब वे मामले की शिकायत सीएम योगी से करने की बात कह रहे हैं। इस बारे में जिला अस्पताल की महिला पुलिस चौकी इंचार्ज व एंटी रोमियो स्क्वॉयड इंचार्ज कांती चौहान ने बताया कि शिकायत आई थी। मामले में सुलह समझौता करवा दिया गया है। छात्रा स्कूल जा रही है। आरोपी को उसके परिजनों ने ही घर से भगा दिया है। इन दिनों वह प्रतापगढ़ में नहीं है। उसकी तलाश की जा रही है।