फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गैस एजेंसीकर्र्मी से तीन लाख लूटे

Wed, 29 Jul 2015 01:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रतापगढ़। मंगलवार की शाम दुस्साहस का परिचय देते हुए बदमाशों ने अष्टभुजानगर स्थित शिवम गैस एजेंसी के कर्मचारी को तमंचा सटाकर तीन लाख रुपये लूट लिए। दूसरे कर्मचारियों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल हो गए। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बदमाशों की धरपकड़ में जुट गए। घटना से इलाके में खलबली मच गई।
विज्ञापन


अष्टभुजानगर निवासी राजेंद्र त्रिपाठी की शिवम् गैस एजेंसी है। इसका गोदाम घर से दो सौ मीटर दूर है। मंगलवार की शाम गैस गोदाम पर मालिक राजेंद्र भी मौजूद थे। करीब पौने छह बजे गोदाम पर तैनात कर्मचारी श्रीश्याम मिश्रा निवासी कुसफरा और अशोक साहू निवासी दहिलामऊ बिक्री के 2,98,460 रुपये बैग में भरकर मालिक के घर पहुंचाने के लिए पैदल ही चल पड़े। बैग श्रीश्याम मिश्रा ने अपने गले में टांग रखा था।

वह जैसे ही गोदाम से सौ कदम दूर चौराहे पर पहुंचा कि उसी समय अपाचे बाइक से तीन बदमाश आकर उसके पास रुके। आगे चल रहा अशोक कुछ समझ पाता कि इससे पहले ही बदमाश श्रीश्याम के सीने पर तमंचा सटाकर बैग छीनने लगे। छीनाझपटी के दौरान कर्मचारी को हल्की सी खरोंच भी आ गई। बदमाश रुपयों से भरा बैग लूटकर भागने लगे। तभी दूसरे कर्मचारी की नजर पड़ गई और वह शोर मचाने लगा। यह देख बदमाश दूसरे रास्ते से मुख्य मार्ग की ओर भागने लगे। शोर सुनकर गोदाम के दूसरे कर्मचारी भी बाहर की ओर निकले और बदमाशों का पीछा कर लिया, लेकिन वे भागने में कामयाब हो गए।
विज्ञापन


इधर घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाल अनिल कुमार, चौकी प्रभारी पीयूष पांडेय मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने वाहनों की चेकिंग करने के लिए चौकी पुलिस को निर्देश दिया। मौके पर पहुंचे एएसपी अखिलेश्वर पांडेय कर्मचारियों व गैस एजेंसी मालिक से पूछताछ करने के बाद बदमाशों की तलाश में निकल पड़े। लोगों ने बताया कि बदमाशों की मदद के लिए दूसरी बाइक से दूर दो बदमाश खड़े थे। घटना के बाद वे भी पीछे-पीछे भागे।

शहर में पुलिस के भ्रमण और चिन्हित स्थानों पर वाहन चेकिंग का निर्देश पुलिसकर्मियों को दे रखा है। यदि पुलिसकर्मी लापरवाही बरत रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। गैस गोदाम के कर्मचारी के साथ हुई लूट की घटना के आरोपियों को पकडने के लिए चार टीमों को लगाया गया है।
अखिलेश्वर कुमार चौरसिया, पुलिस अधीक्षक

शिवम गैस एजेंसी के गोदाम पर दिन भर बिक्री के बाद शाम को रुपये राजेंद्र त्रिपाठी के घर पहुंचाए जाते थे। हर दिन की तरह मंगलवार को भी श्रीश्याम रुपये लेकर अपने साथी अशोक के साथ घर के लिए चला था। कर्मचारियों ने बताया कि हर दिन की तरह आज भी वे रुपये लेकर घर पर देने जा रहे थे। दूसरे दिन रुपये बैंक में जमा करा दिए जाते, लेकिन घात लगाकर बैठे बदमाशों ने रुपये लूट लिए।

शिवम गैस एजेंसी के कर्मचारी को लूटने के बाद बदमाश सिटी की ओर भागे थे। टेऊंगा तक पीछा करने वाले कर्मचारी विकास तिवारी ने बताया कि तीनों बाइक सवार बदमाशों का उसने पीछा किया था, लेकिन टेऊंगा के बाद वे गायब हो गए। जबकि उन्हीं का एक साथी मोहनगंज की ओर से लौट रहा था। उसने तीन बाइकर्स बदमाशों को सिटी के करीब देखा था। बदमाशों के हाथ काला बैग होने की बात भी उसने एएसपी पूर्वी को बताई।

बाइकर्स बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीनने के बाद गैस एजेंसी के कर्मचारी श्रीश्याम मिश्रा को धमकाया। पहले तो बैग न देने पर गोली मारने की धमकी दी। बैग लूटने के बाद बदमाशों ने कर्मचारी को भागने के लिए कहा। वह नहीं भागा तो बोले भागो नहीं तो गोली मार दूंगा। यह सुनते ही कर्मचारी कुछ दूर पीछे की ओर भागा और फिर शोर मचाने लगा। घटना के बाद कर्मचारी का हाल बेहाल दिखा।

गैस एजेंसी के गोदाम पर करीब 40 कर्मचारी काम करते हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एएसपी अखिलेश्वर पांडेय ने कर्मचारियों से पूछताछ के बाद शंका जताई कि गोदाम के किसी कर्मचारी ने बदमाशों के लिए भेदिए का काम किया है। तभी तो रुपये लेकर निकलने के समय तत्काल बदमाश आ धमके। उन्होंने चौकी प्रभारी को निर्देश दिया कि सभी कर्मचारियों के मोबाइल नंबर लेकर काल डिटेल निकाली जाए। इससे साफ हो जाएगा कि घटना के पहले किस कर्मचारी ने किससे बात की है। एएसपी के आदेश के बाद चौकी प्रभारी कर्मचारियों के मोबाइल नंबर जुटाने लगे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें