फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रापर्टी डीलर की हत्या में पांच नामजद, एक गिरफ्तार

Sat, 07 Apr 2018 11:06 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद भीड़। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
प्रापर्टी डीलर आरिफ की हत्या में पड़ोस के पांच लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरिफ के सिर में एक व पीठ में दो बुलेट लगी थी। बवाल की आशंका को देखते हुए अस्पताल से लेकर भावलपुर तक फोर्स अलर्ट रही।
विज्ञापन


मानधाता थाना क्षेत्र के भावलपुर निवासी मोहम्मद आरिफ (45) प्रापर्टी डीलर का काम करता था। शुक्रवार की रात बाइक से पहाड़पुर बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी। जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक के भतीजे कलाम की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी इबरार, इसरार पुत्रगण जलील, सलमान पुत्र इसरार निवासी भावलपुर, एकलाख पुत्र जहूर निवासी शेखनपुर और सलीम पुत्र नसीम निवासी दुबाही थाना मऊआइमा के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

आरोप है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद में नामजद आरोपियों ने आरिफ की गोली मारकर हत्या की है। पोस्टमार्टम में उसके सिर में एक व दो गोली पीठ में फंसी मिली। बवाल की आशंका में क्यूआरटी मर्चरी में मौजूद रही। शव घर पहुंचने के पहले से ही पुलिस मुस्तैद हो गई। सीओ जीडी मिश्र ने बताया कि नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। एक आरोपी एकलाख पुत्र जहूर निवासी शेखनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन


डाक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम, हुई वीडियोग्राफी
प्रापर्टी डीलर मोहम्मद आरिफ की हत्या के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम डाक्टरों के पैनल ने लिया। डा. चंदन त्रिपाठी और डा. ज्ञानेंद्र मौर्य ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। इसके पूर्व मृतक के शव का एक्सरे कराया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों की भारी भीड़ डटी रही।

दबिश पर दबिश, सिर्फ एक गिरफ्तार  
मानधाता पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश में भावलपुर, दुबाही, शेखनपुर से लेकर दूसरी जगहो्रं पर आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन सिर्फ एक आरोपी को ही पकड़ा जा सका। अन्य आरोपी फरार मिले। घर में केवल महिलाएं ही मौजूद हैं। पुरुष घर से फरार हैं। रिश्तेदारियों में भी दबिश देने पहुंची पुलिस को कामयाबी नहीं मिली।

पड़ोसियों से चल रही थी जमीन की रंजिश
मानधाता थाना क्षेत्र के भावलपुर निवासी मोहम्मद आरिफ का पड़ोसी इबरार व इसरार से जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था। कई बार विवाद भी हुआ था। दोनों पक्षों के बीच तनातनी जगजाहिर थी। चूंकि आरिफ रुपये पैसे से मजबूत था। इसलिए पड़ोसियों की दाल नहीं गल पाती थी। आरिफ की बहुत से लोगों से रुपये के लेनदेन की भी बात सामने आ रही है। पुलिस जमीनी विवाद के अलावा दूसरे बिंदुओं की भी गहराई से छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें