लालगंज में बुधवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने किराने के थोक व्यापारी को लूटने के लिए गोली मार दी। जिससे वह लोडर लेकर खड्ड में पलट गया। वाहन के नीचे व्यापारी रुपये समेत दब गया। आसपास के लोगों को आते देख बदमाश बाइक लेकर भाग निकले। गोली लगने से घायल व्यापारी का प्राथमिक उपचार करने के बाद डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रहा।
नगर कोतवाली के अजीत नगर निवासी अनिल जायसवाल (50) किराने का थोक व्यापारी है। बुधवार को वह स्वयं मालवाहक वाहन पर सामान लादकर जलेशरगंज, धारूपुर समेत लालगंज इलाके के दुकानदारों के पास पहुंचाने गया था। सामान देने के बाद वसूली कर वह शाम सात बजे घर की ओर लौटने लगा। लालगंज कोतवाली के असरही गांव के करीब पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसका पीछा कर लिया। पहले तो वाहन रुकवाने का प्रयास किया लेकिन उनकी मंशा समझ चुका अनिल ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। यह देख बदमाश गोलियां चलाने लगे।
फायरिंग के दौरान एक गोली अनिल के पैर में जा लगी। गोली लगते ही अनिल का नियंत्रण वाहन से खो गया। जिससे बेकाबू वाहन खड्ड में पलट गया। जोरदार आवाज आने के कारण आसपास के लोग व राहगीर भी दौड़ पड़े। इस बीच बदमाशों ने वाहन से रुपये खोजने का प्रयास किया लेकिन अनिल के साथ ही 90 हजार रुपये से भरा बैग वाहन के नीचे दब गया। लोगों को आता देख बदमाशों को खाली हाथ भागना पड़ा। लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल की ओर भागी। ग्रामीणों की मदद से घायल व्यापारी को वाहन के नीचे से निकाला गया। उसे उपचार के लिए लालगंज अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।