पुलिस अधीक्षक आवास के करीब गुरुवार रात बाइक सवार युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में घुस गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। गुरुवार की रात करीब पौने नौ बजे पांच बाइक से दर्जन भर युवक पहुंचे। आजाद नगर मोहल्ले के तिराहे व पुलिस अधीक्षक आवास के पीछे युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलती देख लोग भागने लगे। घर के बाहर मौजूद लोग घरों में दुबक गए। कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। करीब दस राउंड फायरिंग करने के बाद बाइक सवार युवक असलहा लहराते हुए केपी कालेज की ओर भाग निकले। सूचना मिलने के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस बाइक सवार युवकों की खोजबीन कर रही है। एसपी आवास के पीछे हुई इस घटना से मोहल्ले के लोग दहशत में हैं। नगर कोतवाल हरिपाल सिंह यादव ने बताया कि फायरिंग करने वालों की तलाश की जा रही है।