नगर कोतवाली के श्रीराम तिराहे के पास एक अधेड़ को तेज रफ्तार पल्सर सवार ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। वह मुकदमे के सिलसिले में कचहरी आ रहा था। घटना की जानकारी उसके घर पहुंची तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। कोहड़ौर बाजार निवासी सैफ अली (55) पुत्र अब्बास अली मंगलवार की सुबह सात बजे मुकदमे की पैरवी करने के लिए कचहरी आ रहा था। भैरोपुर में टेंपो से उतरने के बाद वह कचहरी के लिए पैदल निकल पड़ा। जैसे ही श्रीराम तिराहे के पास पहुंचा कि दिलीपपुर से कचहरी की तरफ जा रही एक अनियंत्रित बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इससे सैफ अली गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। श्रीराम तिराहे के रहने वाले लोगों ने सैफ अली को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर हादसे के बाद बाइक सवार अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया।