कटरामेदनीगंज। शहर से स्कूटी लेकर घर लौट रहे युवक से बदमाशों ने तमंचे के बल पर 25 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही थी। तभी शहर कोतवाल पहुंचे और घटना को झूठी बताते हुए पीड़ित को ही धमकाना शुरू कर दिया। नगर कोतवाली के कटरामेदनीगंज निवासी अबू फैसल उर्फ शेबू शुक्रवार को अपनी स्कूटी से शहर आया था। रात करीब नौ बजे वह घर लौट रहा था। बड़नपुर के पास अपाची सवार चार बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। उसके रुकते ही बदमाशों ने तमंचा सटा दिया।
बदमाश उसके पास से 25 हजार रुपये लूटकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची डायल 100 छानबीन कर रही थी, तभी शहर कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और पीड़ित को डाटना शुरू कर दिया। बोले कि वह फर्जी लूट की सूचना दे रहा है। हालांकि सिटी पुलिस चौकी प्रभारी मामले की छानबीन करने के बाद बदमाशों की तलाश करते रहे।