दुर्गापूजा के लिए बैठक कर रहे युवक पर रंजिश के चलते फायर कर दिया गया। हालांकि वह बाल-बाल बच गया। आरोपी बाइक से भाग निकले। दो वर्गों के बीच का मामला होने से गांव में तनाव फैल गया। सूचना पर दो थानों की पुलिस के साथ ही तहसील प्रशासन के लोग भी मौके पर पहुंचे और मामले को संभाला।
हथिगवां थाना क्षेत्र के भुलसा गांव निवासी छब्बेलाल निर्मल (26) बुधवार की शाम घर के सामने बने मंदिर पर गांव के लोगों के साथ दुर्गापूजा की तैयारी को लेकर बैठक कर रहा था। इस दौरान बाइक से बछंदामऊ निवासी जुबैर अहमद व भुलसा निवासी साजिद वहां पहुंचे। उन्होंने वहां बैठे लोगों से पूछा कि छब्बेलाल कौन है। अपना नाम सुनकर छब्बेलाल खड़ा हो गया। इस बीच उस पर फायर कर दिया गया। हालांकि गोली छब्बेलाल को नहीं लगी। इसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले। गांव में गोली की आवाज से हड़कंप मच गया।
आक्रोशित लोगों ने लाठी-डंडे निकाल लिए। आरोपियों का गांव बगल में ही होने के कारण सभी ने लड़ाई के लिए मन बना लिया। इस दौरान सूचना पर हथिगवां एसओ अमित पांडेय के साथ ही कुंडा कोतवाल आरके चंदेल, सीओ कबींद्र नारायण मिश्र और एसडीएम एके श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने किसी तरह से मामले को संभाला और कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। लोगों ने बताया कि आरोपियों में से एक के भाई ने डेढ़ साल पहले छब्बेलाल के भाई रामकुमार को भी गोली मारी थी। इसमें वह घायल हुआ था और आरोपी हबीब जेल में है। पुलिस ने पीड़ित से तहरीर लेकर देर शाम मुकदमा लिखने की कार्रवाई शुरू कर दी थी।