नगर कोतवाली के मीरा भवन पांडेय का पुरवा में संदिग्ध हालत में मुलायम का
शव कमरे में लटकता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का दावा है कि उसने खुदकुशी की है। पांडेय का पुरवा निवासी मुलायम
सिंह यादव (21) पुत्र रामसमुझ मुंबई में ट्रक पर खलासी का काम करता था। वह
कुछ दिनों पहले ही मुंबई से अपने घर आया था। मंगलवार की सुबह मुलायम का शव
कमरे में लटकता मिला।
यह देख परिजन रोने बिलखने लगे। रोने की आवाज सुनकर
आसपास के लोग आ गए। छत के हुक से लटक रहे शव को परिजनों की मौजूदगी में
ग्रामीणों ने नीचे उतारा। घटना की खबर मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस पहुंची
और छानबीन करने लगी। इस दौरान शहर कोतवाल अनिल कुमार भी पहुंच गए। मामले की
छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि
प्रथम दृष्टया युवक के खुदकुशी का मामला प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम
रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की तस्वीर साफ होगी।