कोतवाली क्षेत्र के बसंतगंज बाजार में शुक्रवार की देर शाम आपसी रंजिश को लेकर बवाल हो गया। फायरिंग में आशीष (18) और शिवप्रकाश सोनी (45) घायल हो गए। हमलावरों ने महिलाओं को भी पीटकर घायल कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजवाया। पुलिस ने मौके से दो हमलावरों को हिरासत में लेकर असलहे व कारतूस बरामद किए हैं। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बनकटवा पूरे बलभद्र निवासी सूर्यनरायण तिवारी ने अपनी जमीन बड़े बेटे देवेंद्र उर्फ भुसई की बहू मीरा (30) पत्नी कमलेश व गीता (35) पत्नी सुरेश के नाम कर दी थी।
इसे लेकर देवेंद्र का छोटे भाई छेदी तिवारी से विवाद चल रहा था। छेदी की ओर से मामला न्यायालय में लंबित है। शुक्रवार की देर शाम गीता अपने बेटे आशीष (18), देवरानी मीरा और देवर कमलेश के साथ बसंतगंज बाजार गई थी। वहां छेदी अपने बेटे विपिन व पड़ोसी विशाल के साथ पहुंचा था। दोनों पक्षों का आमना-सामना होने पर विवाद होने लगा। बात बढ़ने पर विपिन ने आशीष पर फायर झोंक दिया। इससे वह घायल हो गया। यह देख साथ रहीं महिलाएं दौड़ीं तो उन्हें भी तमंचे की बट से मारकर घायल कर दिया। फायरिंग के दौरान चपेट में आने से बाजार के शिवप्रकाश सोनी भी छर्रा लगने से घायल हो गए। मारपीट के दौरान बभनी गांव निवासी कमला व छोटका भी घायल हो गईं। बवाल बढ़ते देख स्थानीय लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छेदी व विपिन को हिरासत में ले लिया। उनके पास से तीन तमंचे, कारतूस व खोखे बरामद हुए। घायलों को सीएचसी भेजा गया।