बीएसए कार्यालय के सामने शुक्रवार शाम मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक शिक्षक पर फायर झोंक दिया। उसने स्टेडियम की तरफ भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे साथियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जेठवारा थाना क्षेत्र के बढ़नी निवासी नीरज सिंह (40) अंतू थाना के पूरे अंती प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात है। वह शुकुलपुर में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहता है। देर शाम किसी काम से बीएसए कार्यालय गया था। गेट के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया। वह भागकर दीवार फांदते हुए स्टेडियम में पहुंच गया। इस दौरान गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं।
उसने किसी तरह करनपुर पहुंचकर अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। खबर लगते ही काफी संख्या में शिक्षक पहुंच गए। नीरज को जिला अस्पताल ले जाया गया। खबर मिलते ही कोतवाल हरिपाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। कोतवाल हरिपाल सिंह यादव ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।