भंगवा चुंगी पुलिस चौकी के करीब बाइक सवार बदमाशों ने बिजली विभाग के कैशियर के साथ लूटपाट की। विरोध पर बदमाशों ने फायर भी किया। भंगवा चुंगी बीटीसी कालेज रोड पर बिजली विभाग का कार्यालय है। सोमवार को एसडीओ विद्युत सदर के कार्यालय में कर्मचारी काम कर रहे थे। कैशियर गिरजाशंकर मिश्र निवासी पूरे मोहन हिसाब किताब कर रहे थे। इसी बीच एक बाइक से तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। उसमें से दो बदमाश कैशियर के पास पहुंचे और काउंटर पर रखा बैग लेकर भागने लगे।
गिरजा शंकर ने विरोध किया और शोर मचाया। इस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इससे पहले बदमाश तमंचा लहराते हुए बाहर निकले और फायर कर दिया। चपरासी पप्पू, उपभोक्ता उमेश दुबे और फैयाज अहमद के सामने भी बदमाशों ने तमंचा तान दिया। वे जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। बाइकसवार बदमाश बैग लेकर भाग निकले। पहले तो खबर आई कि कैशियर से बदमाश करीब डेढ़ लाख रुपए लूटकर भागे हैं। घटना की सूचना मिलने पर भंगवा चुंगी चौकी प्रभारी एसएम कासिम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओ मानसिंह के सामने कैशियर से पूछताछ हुई तो उसने बैग में केवल बिल रसीद और कुछ रुपये की बात बताई। इसके बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में निकल गई। हालांकि पुलिस कामयाब नहीं हो सकी।
नगर कोतवाली क्षेत्र के छैवा पुल पर रविवार रात करीब 11 बजे बाइक से घर जा रहे संगमलाल शर्मा निवासी तुलसीपुर राजापुर बाजार थाना रानीगंज को बाइकसवार बदमाशों ने रोक लिया। पहले पिटाई की और फिर मोबाइल, बाइक छीनकर भाग निकले। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद बदमाशों की तलाश करने लगी। दो लोगों को पूछताछ के लिए लाई। हालांकि बाद में छोड़ दिया। वहीं रात में ही बदमाशों ने चौक घंटाघर के पास एक युवक का मोबाइल छीन लिया और भाग निकले।