शहर के रोडवेज बस अड्डे के करीब से स्कार्पियो सवार असलहाधारी युवक को उठा ले गए। पुलिस के अलर्ट होने पर अपहृत युवक को छोड़कर अपहरणकर्ता भाग निकले। पुलिस ने स्कार्पियो चालक को हिरासत में ले लिया। खबर भेजे जाने तक अपहृत युवक व चालक से पुलिस की पूछताछ जारी है। नगर कोतवाली के बलीपुर निवासी संजय उपाध्याय सिविल लाइन स्थित अक्षत नर्सिंग होम में लैब टेक्निीशियन है। बुधवार की रात नौ बजे वह अपने घर जाने के लिए बाइक से निकला। बस अड्डे के करीब खड़ा होकर पान खाने लगा। तभी स्कार्पियो से पांच लोग असलहे के साथ नीचे उतरे। वे संजय को असलहा लगाकर घसीटते हुए कार में बैठाने लगे। विरोध करने पर अपहरणकर्ताओं ने मारापीटा भी। इस बीच जूस विक्रेता ने उसे बचाने की कोशिश की तो असलहाधारियों ने तमंचा लहराया।
इसके बाद संजय को लेकर मीराभवन रोड की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ के बाद बाइक को चौकी पर भेज स्कार्पियो की तलाश करने लगी। सूचना मिलने पर सीओ सिटी एमपी सलोनिया, शहर कोतवाल बलिराम मिश्रा, चौकी प्रभारी यशकरन यादव दलबल के साथ स्कार्पियो मालिक के घर पहुंच गए। वहां चालक रमेश निवासी जगन्नाथ प्रजापति निवासी सरायखांडेराय मिल गया। पुलिस ने चालक, वाहन के साथ ही मालिक को लेकर वापस लौटी। तभी अपहृत संजय सिविल पुलिस चौकी पहुंच गया।
संजय ने बताया कि उसे अपहरणकर्ताओं ने मीराभवन के पास छोड़कर भाग निकले। स्कार्पियो चालक ने बताया कि दीपक , हातिम नाम के दो युवकों के साथ तीन अन्य लोग उसकी स्कार्पियो बुक कराएं थे। संजय को लेकर करनपुर होते हुए शिवजीपुरम कालोनी गए। वहां तालाब के किनारे संजय को उतारकर पूछताछ करने लगे। इसके पहले एक दूसरे युवक को भी दीपक ने जबरिया बैठा रखा था। मौका पाकर वह अपनी स्कार्पियो लेकर वहां से भाग निकला। सीओ सिटी ने बताया कि मामला आशनाई का लग रहा है। अपहरणकर्ताओं की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।