दिल्ली से घर आ रहे एक युवक को बदमाशों ने अपना शिकार बना लिया। करीब दो हजार रुपये और बैग लेकर भाग निकले। सूचना पर पुलिस ने पीछा किया, लेकिन बदमाश पकड़े नहीं गए। लालगंज निवासी सिद्धार्थ तिवारी पुत्र शिवकुमार तिवारी दिल्ली के इंद्रानगर में मेडिकल स्टोर पर काम करता है। घर आने के लिए सोमवार को वह ट्रेन से इलाहाबाद के लिए रवाना हुआ। मंगलवार को इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद रोडवेज बस से घर के लिए रवाना हुआ। बस से उतरने के बाद वह घर जाने के लिए सवारी की तलाश करने लगा।
इसी बीच एक दुकान पर वह चाय पीने लगा। इसके हाथ में बैग था। इस दरम्यान दो युवक बाइक से पहुंचे और उससे बात करने लगे। अजनबी युवकों ने खुद को भी लालगंज की ओर जाने की बात कही। इस पर तीनों बाइक से चल दिए। मीराभवन चौराहे के पहले ही बहाने से सिद्धार्थ से बाइक सवार युवकों ने करीब दो हजार रुपये ले लिए। चौराहे के पास ही उसे यह कहकर बाइक से उतार दिया कि चेकिंग हो रही है।
वह कुछ दूर पैदल आए। झांसे में सिद्धार्थ आ गया और दो हजार रुपये, बैग में रखे कीमती सामान से हाथ धो बैठा। काफी देर तक चौराहे पर बाइक सवार युवकों की तलाश करता रहा, लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद उसने कंट्रोल रूम को घटना से अवगत कराया। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी और शहर कोतवाल ने छानबीन के बाद बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। कोतवाल बलिराम मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है बदमाशों की तलाश की जा रही है।