शहर के चौक बजाजा में सर्राफ की दुकान से बदमाश 60 हजार के जेवरात लूटकर भाग निकले। शोर शराबे पर राहगीरों ने एक को धर दबोचा जबकि दूसरा साथी भाग निकला। पिटाई के बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दूसरे बदमाश की तलाश कर रही है।
नगर कोतवाली के श्यामबिहारी गली निवासी पवन केसरवानी ने चौक-कचहरी मार्ग पर सर्राफा की दुकान खोल रखी है। शनिवार दोपहर वह अपनी पत्नी सीमा और दो बेटियों के साथ दुकान पर बैठा था। इस बीच दो युवक पहुंचे और उससे चांदी के जेवरात खरीदने लगे। इस दौरान दो नग चांदी के जेवरात भी खरीदे और उसके रुपये भी दिए। बाद में सोने की बाली दिखाने की बात कही। पवन ने दुकान पर मौजूद बाली दिखाई तो युवकों ने उसे रिजेक्ट कर दिया। नए डिजाइन की मांग की तो पवन उन लोगों को दुकान पर ही रुकने को कहकर दूसरी दुकान से सोने की बाली लाने चला गया।
इस बीच युवकों ने दुकान पर बैठी सीमा से दूसरे जेवरात दिखाने को कहा। मौका पाकर मासूम बच्चियों को धक्का देते हुए बदमाश बाली भरी थैली लेकर भागने लगे। बच्चियों के साथ ही महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने भाग रहे बदमाशों का पीछा कर लिया। बैरियर के करीब पहुंचते ही एक बदमाश को बाइक सवार राहगीर ने ठोकर मारकर गिरा दिया। वहां मौजूद होमगार्ड और पीछा कर रहे लोगों ने उसे दबोच लिया। उसके पास से बाली की एक थैली मिल गई लेकिन दूसरी पोटली जिसमें करीब 60 हजार के जेवरात थे, नहीं मिली। भीड़ का फायदा उठाकर दूसरा बदमाश वह पोटली लेकर भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंचे शहर कोतवाल उसे अपने साथ कोतवाली लाए। देखते ही देखते कोतवाली में व्यापारियों की खासी भीड़ जमा हो गई। शहर कोतवाल बलिराम मिश्र ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश फर्रुखाबाद का रहने वाला सरताज अली है जबकि फरार बदमाश कानपुर का रहने वाला जहीर बताया जा रहा है। भुक्तभोगी पवन की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।