गरीबों को मुफ्त गैस कनेक्शन बांटने में गैस एजेंसी संचालक मोटी कमाई कर रहे हैं। बिचौलिए के माध्यम से कमाई करने वाले एजेंसी संचालक गैस सिलेंडर और कनेक्शन तो मुफ्त में दे रहे हैं, मगर चूल्हा, रेगुलेटर और पाइप के लिए रुपये वसूल रहे हैं। अधिकारियों की मिलीभगत के चलते किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जिले के 1,75,356 लाभार्थियों को मुफ्त में गैस कनेक्शन दिया जाना है। मगर, इनमें भी कुछ लाभार्थी ऐसे हैं, जिन्होंने योजना प्रारंभ होेने के पहले ही गैस कनेक्शन ले लिया था। ऐेसे लोग योजना से वंचित रहेंगे।
10 अक्तूबर तक 61,236 लाभार्थियों को गैस कनेक्शन बांटा जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव के उन गरीबों के लिए योजना चलाई थी जो गैस कनेक्शन लेने में पूरी तरह अक्षम थे। मगर एजेंसी संचालक इन गरीबों को भी चूसने से नहीं बाज आ रहे हैं। योजना के तहत गैस भरा हुआ सिलेंडर, चूल्हा, रेगुलेटर और पाइप मुफ्त में दिया जाना है। मगर एजेंसी संचालक चूल्हा, रेगुलेटर और पाइप का दाम ग्राहकों से वसूल रहे हैं। गरीबों ने आवाज भी उठाई, मगर इसके बाद भी अधिकारियों ने कोई पहल नहीं की है। बीते दिनों पूरबगांव गैस एजेंसी पर कनेक्शन के नाम पर एक-एक हजार रुपये की वसूली होने से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा कर अधिकारियों से भी शिकायत भी की थी। मगर आश्चर्य की बात तो यह रही कि अभी तक कोई भी अधिकारी मामले की जांच करने नहीं पहुंचा। इंडियन ऑयल के एरिया मैनेजर रोहित गुप्ता ने बताया कि उनके दिल्ली में होेने कारण अभी जांच नहीं कर पाएं हैं। इसी सप्ताह ग्राहकों का बयान लेकर जांच की जाएगी, अगर मामला सही निकला तो कार्रवाई निश्चित है।