कंधई थाना क्षेत्र के शीतलागंज के पास सोमवार को बेकाबू स्कूली बस ने बाइक सवार मासूम को रौंद दिया। हादसे में मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बस को कब्जे में ले लिया। डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर देख उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के उमापुर गांव निवासी धर्मेंद्र यादव (20) अपनी चाची लक्ष्मी देवी (26) को लेकर चचेरे भाई यश (03) का इलाज कराने बाइक से शहर आया था। घर लौटने के दौरान जब वह कंधई थाना क्षेत्र के शीतलागंज स्थित कालू इंटर कॉलेज के समीप पहुंचा तो पीछे से आ रही स्कूली बस ने बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गई। टक्कर लगने के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े। बस का पहिया मासूम यश व उसकी मां लक्ष्मी को रौंदते हुए निकल गई। धर्मेंद्र दूसरी ओर गिर गया था। घटना देख लोग शोर मचाते हुए दौड़े तो चालक बस छोड़कर भाग निकला। घटनास्थल पर ही मासूम की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख इलाहाबाद रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर घर में कोहराम मचा रहा। पुलिस ने बस को कब्जे में लेने के साथ ही मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।