फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुबह शांत हुआ मामला, शाम को भड़के भाजपाई

Mon, 08 Jan 2018 11:11 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो प्रतापगढ़
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो - फोटो : pratapgarah
विज्ञापन

विज्ञापन
भाजपा के जिला विस्तारक आदित्यकांत द्विवेदी की पुलिस द्वारा पिटाई व कोतवाली में बैठाने के मामले को लेकर सुबह भाजपाइयों ने मीटिंग की, लेकिन बड़े नेताओं ने मामला संभाल लिया। दोपहर बाद अचानक माहौल गरमा उठा। प्रकरण से आक्रोशित भाजयुमो जिलाध्यक्ष के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचकर गिरफ्तारी देने की जिद करने लगे। इससे कोतवाली में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित भाजपाइयों ने पुलिसकर्मियों को जमकर खरीखोटी सुनाई। बाद में पहुंचे अपर जिलाधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन लिया। जिसके बाद कोतवाली में भाजपाइयों का धरना समाप्त हुआ।
भाजपा कार्यालय के बाहर रविवार की शाम सीओ सिटी रवि सिंह और शहर कोतवाल से भाजपा नेता की कार को लेकर तकरार हो गई। कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे चंदौली से आए प्रतापगढ़ के जिला विस्तारक आदित्यकांत द्विवेदी शोरशराबा सुनकर बाहर निकले। कार पर डंडा बरसाने का विरोध करने पर सीओ व शहर कोतवाल ने जिला विस्तारक को पीट दिया। इसके बाद घसीटकर कोतवाली ले गए थे। प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह के हस्तक्षेप पर भाजपा नेता को कोतवाली से छोड़ा गया। पुलिस के रवैए से खफा भाजपाई सोमवार की सुबह कार्यालय पर एकत्र होने लगे। बैठक में कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह, विधायक रानीगंज धीरज ओझा, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष संजय सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह समेत पार्टी के दूसरे पदाधिकारी मामले पर चर्चा करने लगे। इस दौरान नेताओं ने सभी को भरोसा दिलाया कि अधिकारियों से वार्ता कर दोषियों पर कार्रवाई कराई जाएगी। इसके बाद बैठक समाप्त हो गई। इसके बाद जिला विस्तारक काशी के लिए रवाना हो गए। इस मामले को लेकर दोपहर बाद अचानक भाजपाई भड़क उठे। भाजयुमो जिलाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचकर गिरफ्तारी देने की जिद करने लगे। यह देख पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। पूर्व मंत्री बृजेश शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष जवाहरलाल श्रीवास्तव समेत दूसरे भाजपा नेता भी पहुंच गए। कार्यकर्ता कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए। पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यकर्ता एसपी, सीओ सिटी व नगर कोतवाली के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। उनकी गिरफ्तारी करने का पुलिसकर्मी साहस नहीं कर सके। धरना प्रदर्शन के दौरान अपर जिलाधिकारी सोमदत्त मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बसंतलाल कोतवाली पहुंचे। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं की सांकेतिक गिरफ्तारी करने के बाद छोड़ दिया गया। तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन

प्रदेश अध्यक्ष ने मामला लिया संज्ञान में
जिला विस्तारक आदित्यकांत द्विवेदी के साथ हुई घटना की जानकारी भाजपा नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय को दी। उन्होंने घटना को गंभीरता से लिया। सूत्रों की मानें तो प्रदेश अध्यक्ष ने सभी को भरोसा दिलाया कि वे लोग धैर्य रखें, मुख्यमंत्री के दूसरे प्रदेश से लौटते ही उन तक मामला पहुंचेगा। दोषियों पर कार्रवाई होगी। कार्यकर्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा।
गुस्सा ठंडा करने को अफसरों ने पिलाई कार्यकर्ताओं को चाय
भाजपा के जिला विस्तारक आदित्यकांत के प्रकरण से गुस्साए भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली में धरना प्रदर्शन करते हुए पुलिस को खरीखोटी सुनाते रहे। अधिकारियों ने ज्ञापन लेने के बाद सभी को चाय पिलाने के लिए मंगाई ताकि उन लोगों का गुस्सा कम हो सके। कार्यकर्ताओं का कहना था कि आए दिन पुलिस उनके साथ अभद्रता करती है। वे परेशान लोगों की समस्या को लेकर जाते हैं तो पुलिस का रवैया ठीक नहीं रहता। इससे पीड़ितों को परेशान होना पड़ता है। अधिकारी भले कार्यकर्ताओं का गुस्सा ठंडा करने का प्रयास करते रहे, लेकिन वे कार्रवाई होने तक खामोश न रहने की बात कर रहे थे।
'पुलिस की निगरानी में बिक रहा गांजा, चल रहे जुए के अड्डे'
नगर कोतवाली में उस समय सब दंग रह गए जब पूर्व मंत्री बृजेश शर्मा ने पुलिस की कमियां गिनाते हुए पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम को लगातार बढ़ रहे अपराध और जिले में हो रहे अवैध कार्यों के लिए जिम्मेदार ठहराया। पूर्व मंत्री ने कहा कि जिले के किस कोने में अवैध काम हो रहा है। यह पुलिस को मालूम है। गांजा, स्मैक से लेकर जुए के अड्डे संचालित हो रहे हैं। नगर कोतवाली क्षेत्र में ही पुलिस की नाक के नीचे अवैध कार्य हो रहे हैं। जिससे आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वादा किया कि शहर कोतवाल ही नहीं पुलिस अधीक्षक का तबादला होने तक वह खामोश नहीं बैठेंगे। इसके लिए कार्यकर्ता तैयार रहें। पुलिसकर्मियों की बात छोड़िए अधिकारी भी जनता की समस्याओं को निस्तारित करने में दिलचस्पी नहीं लेते।
संघर्ष समिति बनाने की राय विरोध
भाजपा कार्यालय पर होने वाली बैठक के दौरान संघर्ष समिति बनाने की बात रखी गई। जिसे कार्यकर्ताओं ने अस्वीकार कर दिया। बोले कि अपनी ही सरकार में संघर्ष करेंगे। यह मंजूर नहीं है। जिस पर तीन दिन के भीतर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होने का वादा होने लगा। भाजयुमो जिलाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह ने कहा कि चार बजे तक कोई कार्रवाई न हुई तो कार्यकर्ता अपनी गिरफ्तारी देकर विरोध जताएंगे। दोषियों पर कार्रवाई होने तक प्रतापगढ़ से लेकर लखनऊ तक जाएंगे। विधायक शधीरज ओझा ने भी कार्यकर्ताओं की राय पर मुहर लगाते हुए कहा कि हर हाल में ऐसे अफसरों पर कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ी तो वे कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
विज्ञापन

नगर कोतवाली में गिरफ्तारी देने पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की जानकारी के बाद भी सीओ सिटी और शहर कोतवाल ने दूरी बनाए रखी। पीएसी के साथ ही अंतू एसओ भी दलबल के साथ पहुंच गए। थोड़ी देर में सीओ पट्टी को भेजा गया। वे भाजपा नेताओं से बातचीत का प्रयास करते रहे, लेकिन बात नहीं बनी। जो चर्चा का विषय बना रहा। कोतवाली में धरना प्रदर्शन चल रहा हो और कोतवाल ही गायब रहें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें