आसपुर देवसरा इलाके का एक युवक रविवार को अपनी बहन के घर से पैसा लेकर बाइक से लौट रहा था। पट्टी कोतवाली के नीमा हार्ट क्रासिंग के पास बदमाशों ने उसे नशीला पदार्थ सुघांकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसके पास रही नगदी लूटकर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के दफरा निवासी इम्तियाज (39) पुत्र सफी मोहम्मद घर बनवा रहा है। पैसा कम पड़ने पर वह अपनी बहन के घर जौनपुर जनपद के सिंगरामऊ गया था। बहन के घर से पैसा लेकर बाइक से लौट रहा था। जैसे ही पट्टी कोतवाली के नीमा हार्ट के पास पहुंचा कि बाइक सवार बदमाशों ने उसे रास्ता पूछने के बहाने रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता कि बदमाशों ने उसे नशीला पदार्थ सुधा दिया।
इससे वह बेहोश हो गया। उसके पास रहे तीस हजार रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए। इम्तियाज सड़क किनारे पड़ा था। स्थानीय लोगों ने देखा तो उसे नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने इम्तियाज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।