मुंबई से किराएदार शरीफ की तलाश में कटरा पहुंची अश्वनी म्हात्रे को वह नहीं मिला। उसका मोबाइल भी बंद बता रहा है। काफी खोजबीन के बाद भी उससे वह मिल न सकी। उसे भटकता देख लोगोें ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। महिला पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
रविवार दोपहर कटरा बाजार में मुंबई के सांताक्रूज से आई अश्वनी म्हात्रे शरीफ नाम के व्यक्ति को खोज रही थी। बाजार के लोगों से वह शरीफ के बारे में पता करती रही लेकिन उसका पता नहीं चल रहा था। उसने बताया कि शरीफ उसके यहां परिवार के साथ किराए पर रहता था। उसके परिवार से उसका पारिवारिक रिश्ता है। वह फ्लाइट से लखनऊ आई। वहां से इलाहाबाद चली गई। वहां तक शरीफ से बातचीत होती रही। बाद में मोबाइल बंद हो गया।
उसके पास उसकी कोई फोटो भी नही थी। उसने प्लेन का टिकट भी लोगों को नहीं दिखाया। अनजान जगह पर मुंबई की युवती के साथ अनहोनी को टालने के लिए लोगों ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। महिला पुलिस उसे अपने साथ ले गई। महिला एसओ ने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है। परिवार के लोगों से बात करने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है।