महेशगंज थाना क्षेत्र के गोगहर गांव के पास बिजली का तार एक ट्रक में फंस गया। ड्राइवर की लापरवाही से बगल का पोल एक गुमटी पर गिर गया। वहां टॉफी खरीदने आया एक बालक उसकी चपेट में आ गया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। बच्चे की मौत से घर में कोहराम मच गया।
उक्त गांव में मंगलवार को एक गिट्टी लदा ट्रक क्रास हो रहा है। ड्राइवर की लापरवाही के कारण ऊपर से गए विद्युत तार में वह उलझ गया। इससे बगल का विद्युत पोल उखड़ गया और वह पास में ही रखी पान की गुमटी पर जा गिरा। दुकानदार तो भाग निकला लेकिन इस दौरान टाफी लेने आया आशीष (8) पुत्र छोटेलाल उसकी चपेट में आ गया।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो ड्राइवर भागने लगा। इस पर लोगों ने उसे दौड़ाकर रूप का पुरवा गांव के पास उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक सहित ड्राइवर को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालक की मौत से उसके परिजनों में चीखपुकार मच गई। चालक कुंडा कोतवाली के फरेदुपुर निवासी तीरथ यादव बताया गया। उधर, संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी बलराम पाल (50) पुत्र जगमोहन पाल सोमवार की शाम दुर्घटना में घायल हो गया था। उसे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में चीखपुकार मच गई।