फर्जी नाम से जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर खोली शिक्षा विभाग के कारनामों की पोल
चार शिक्षकों की छुपाई गई थी ड्यूटी, जवाब मांगने पर फीड कराया गया नाम
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। जिलाधिकारी को फर्जी नाम से पत्र भेजकर विकास खंड के शिक्षकों की छुपाई गई ड्यूटी का खुलासा करने का प्रयास किया गया। इसके बारे में जब जवाब मांगा गया तो शिक्षकों का नाम फीड करा दिया गया।
कुंडा बीआरसी केंद्र की शिकायत करते हुए एक पत्र भेजा गया था कि क्षेत्र में तैनात चार शिक्षकों की ड्यूटी छुपाई गई है। इसमें उपेंद्र यादव प्रधानाध्यापक देवीगढ़, नीतू यादव सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय टेढ़ी पसियान, राम लखन यादव प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय पूरे दूलम और राम बदन यादव सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय मझिलगांव का नाम शामिल था। इस पत्र के बारे में जब जिला निर्वाचन अधिकारी ने कुंडा एबीएसए से जवाब मांगा तो हड़कंप मच गया। पहले शिकायतकर्ता की तलाश हुई। इस पर शिकायतकर्ता के रूप में दीवानी के अधिवक्ता खुर्शीद का नाम डाला गया था। जब उनसे बात की गई तो उन्होंने पत्र देखने के बाद बताया कि इस शिकायती पत्र पर न तो उनके दस्तखत हैं और न ही उन्होंने कोई शिकायत की है। हालांकि उन्होंने इसकी सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी और कोतवाल कुंडा को पत्र देकर दे दी है। उधर, एबीएसए ने सभी शिक्षकों का नाम फीड कराकर इसकी सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी को दे दी है। फिलहाल इस शिकायती पत्र को चाहे जिसने भी भेजा हो लेकिन इससे शिक्षा विभाग की पोल खोलने का प्रयास किया गया था। इस बारे में एबीएसए रतनलाल ने बताया कि इस बारे में जवाब जिला निर्वाचन अधिकारी को दे दिया गया है। ज्यादा पूछताछ पर उन्होंने नाराजगी भी जताई।
फोटो- 29.30.31
संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से दुकान जली, लाखों का नुकसान
दुकान रखा बेटी की शादी का सामान भी जला
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। संदिग्ध परिस्थितियों में दुकान में आग लग गई। इससे इसमें रखा लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गए। शोर शराबे पर मौके पर पहुंचे दुकानदार भी बुझाने में झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हथिगंवा थाना क्षेत्र के कदमपुर बेंती गांव निवासी उमाशंकर शुक्ल पुत्र स्व. छठराज शुक्ल ने गांव के ही चौराहे पर परचून की दुकान खोल रखी थी। भोर में अचानक उसकी दुकान से आग की लपटें उठने लगी। आसपास के लोगों ने देखा तो शोर मचाया। इस पर गांव के लोग भारी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। उमाशंकर शुक्ल भी मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास करने लगा। इसमें वह आग से झुलस गया। 15 मई को उसकी बेटी की शादी है। इसके चलते शादी का सामान भी दुकान में रख दिया गया था। दुकान में आग लगने से शादी का सामान जल गया। गांव वालों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। उमाशंकर को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज
कुंडा(ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के बरई गांव निवासी सुलेमा बेगम पत्नी मोहम्मद सिद्दीकी को सहायक अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने विद्युत चोरी करते हुए पकड़ा। इस पर उन्होंने थाने में तहरीर देकर इसका मुकदमा दर्ज कराया है।
फोटो- 33
टेंपो पलटने से दर्शनार्थी घायल
शीतलन दर्शन जाने के दौरान आलापुर में हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
परियावां। दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार के 12 लोग टेंपो पलटने से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया।
लालगंज के पडऱी गांव के रामचंद वर्मा पुत्री सोनू के एक साल के बेटे का मुंडन संस्कार कराने के लिए रविवार को शीतलन धाम जा रहे थे। इसके लिए गांव के ही प्रवीण मौर्य का टेंपो बुक किया। नवाबगंज थाना क्षेत्र के आलापुर बाजार के आगे सामने से एक ट्रक आ गया। ट्रक से अचानक मवेशी टकरा गया और टेंपो के सामने आ गिरा। इससे टेंपो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। उसमें सवार जयकली (60) पत्नी रामचंद्र वर्मा, सोनू (30) पुत्री रामचंद्र, गायत्री (36) पत्नी कैलाश वर्मा, लकी (12) पुत्र कैलाश, नवदिता (15) पुत्री कैलाश, कंचन (35) पत्नी फूलचंद, सिमरन (10) पुत्री फूलचंद, तनिष्का (7) पुत्री फूलचंद समेत 12 लोग घायल हो गए। भोर में लगभग पांच बजे हुई इस घटना से चीखपुकार मच गई। आसपास के लोगों की मदद से सभी को संग्रामगढ़ सीएचसी ले जाया गया। हालत खराब देख जयकली को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फोटो- 32
एक किलो गांजे के साथ युवक को पकड़ा
कुंडा। पुलिस ने विदासिन नहर पुलिया पर गुमटी में बिकने वाले गांजें को युवक के साथ गिरफ्तार कर लिया है। यहां काफी दिन से गांजे की बिक्री चल रही थी। पुलिस ने उसके पास से एक किलो से अधिक गांजा बरामद करते हुए उसके खिलाफ मुकदमा लिखकर चालान कर दिया।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के विदासिन नहर पर एक गुमटी में काफी दिन से गांजे की बिक्री होती थी। रविवार को आबकारी व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने उसके पास से एक किलो 20 ग्राम गांज के साथ दुकानदार किरणजीत उर्फ कुलदीप जायसवाल पुत्र सूर्य प्रकाश निवासी विधासिन चौराहा को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कोतवाली में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया।
युवकों को चोर समझकर पीटा
कुंडा(ब्यूरो)। बारात से लौट रहे युवकों को ग्रामीणों ने चोर समझकर दौड़ा लिया। इसके बाद उन्हें पकड़ कर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस को बुलाकर उनके हवाले कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के पक्षिया बरई गांव निवासी कुछ लड़के बिहार की तरफ बारात में शामिल होने गए थे। देर रात वह घर लौटने लगे तो मदरियापुर गांव के पास उनकी बाइक खराब हो गई। इसके बाद वह लोग मिस्त्री की खेाज करते हुए एक गुमटी के पास खड़े थे। इस दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और वहां खड़े होने के बारे में पूछताछ करने लगे। इस पर लड़कों ने बदतमीजी से बात की तो ग्रामीणों ने चोर समझकर उन्हें शोर मचाते हुए दौड़ा लिया। बाद में उनकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
पड़ोसियों ने युवक को पीटा
कुंडा(युवक)। कोतवाली क्षेत्र के पछिया गांव निवासी सुनील पटेल को उसके पड़ोसियों ने मामूली विवाद में पीट दिया। इससे वह घायल हो गया। रात में ही उसे कोतवाली तहरीर दी। पुलिस ने उसे मेडिकल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उधर बरई में ही एक युवक अपनी पत्नी को पीट रहा था। पड़ोसी बीच बचाव करने पहुंचे तो उसने पड़ोसियों से मारपीट की। पड़ोसियों ने इसकी शिकायत कोतवाली में की है।