ट्रक पर मोरंग उतारते समय एचटी लाइन की चपेट में आया मजदूर, मौत
लालगंज इलाके के अमावां गांव में हुआ हादसा
लालगंज (ब्यूरो)। लालगंज इलाके के अमावां गांव में शुक्रवार को मोरंग उतारने के दौरान ट्रक पर चढ़े मजदूर की एचटी लाइन की चपेट में आने से झुलसकर मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टामर्टम के लिए भेज दिया।
लालगंज कोतवाली के देवापुर सराय भागमानी निवासी मो. याकूब (36) पुत्र मो. अय्यूम शुक्रवार को अमावां गांव में ट्रक पर लदा मोरंग उतारने गया था। वह मोरंग उतारने के लिए ट्रक के ऊपर चढ़ गया। इस दौरान ऊपर से गुजरे एचटी लाइन के तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। आननफानन में उसे लालगंज सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। याकूब की मौत से उसकी पत्नी उम्मातुल निशा, बेटी रेशमा बानो, शबीना बानो, परबीन बानो व बेटे ताज आलम के सामने दो जून की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो---
शार्ट सर्किट से लगी आग, चार बीघा खेत की फसल जली
लालगंज (ब्यूरो)। बिजली के तार में शार्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी से चार बीघा खेत की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर आग पर काबू पाया जा सका।
लालगंज कोतवाली के पूरे दीनानाथ गांव में रामचंद्र पांडेय के खेत के ऊपर से एलटी लाइन का तार निकला है। शुक्रवार को दोपहर दो बजे अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते रामचंद्र पांडेय, प्रेमचंद्र पांडेय व उमाशंकर के खेत की फसल जलने लगी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घंटेभर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से करीब चार बीघे खेत की गेहूं की फसल जल गई। घटना की जानकारी पर लेखपाल संघ के अध्यक्ष रामचंद्र तिवारी राजस्वकर्मियों के साथ पहुंचे और आग से हुए नुकसान का जायजा लेकर अफसरों को रिपोर्ट भेजी। एसडीएम मोहनलाल गुप्ता ने बताया कि पीड़ितों को हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
फोटो---
कार सवार युवकों ने रोडवेज बस के परिचालक को पीटा
ग्रामीणों के खदेडने पर कार छोडक़र भाग निकले आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
रानीगंज कैथौला। कार सवार युवकों ने रोडवेज बस के परिचालक को जमकर पीटा। पिटाई के बाद युवकों ने रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। लोगों के खदेडने पर आरोपी कार छोडक़र भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। परिचालक ने तीन अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
रायबरेली डिपो की यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस शुक्रवार को दोपहर प्रतापगढ़ के लिए जा रही थी। लालगंज कोतवाली के रायपुर तियांई चौराहे पर कार सवार तीन युवकों ने बस को ओवरटेक कर रोक लिया। बस रुकते ही कार सवार युवकों ने परिचालक संजीत पांडेय को नीचे उतार कर पिटाई शुरू कर दी। यह देख आसपास के लोगों ने युवकों को दौड़ाया तो वह कार मौके पर छोडक़र भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने पर लालगंज कोतवाल मौके पर पहुंचे और कार को कब्जे में लेते हुए परिचालक को लेकर कोतवाली लौट आए। बताया जाता है कि बस में किसी यात्री से परिचालक की कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद उसने अपने साथियों को बुलाकर परिचालक की धुनाई कर दी। आरोपी लालगंज के पूरे इंच्छाराम निवासी बताए जा रहे हैं। घटना को लेकर रायबरेली निवासी रोडवेज डिपो के परिचालक संजीत पांडेय ने कार सवार तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट व रुपयों से भरा बैग छीनने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। कोतवाल ने बताया कि परिचालक की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। मौके पर बरामद हुई कार से आरोपियों की पहचान कर जेल भेजा जाएगा।
फोटो---
अवैध निर्माण रोकने गई पुलिस को प्रधान व समर्थकों ने खदेड़ा
सीओ के साथ पुलिस बल पहुंचने पर बैकफुट पर आए ग्रामीण
आधा दर्जन को हिरासत में लिया गया, भाग निकला प्रधान
अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर। अवैध कब्जा करने के लिए जबरन कराए जा रहे निर्माण को रोकवाने पहुंची पुलिस से ग्रामीण भिड़ गए। पुलिस को प्रधान व उसके समर्थकों ने लाठी-डंडे के बल पर खदेड़ दिया। बाद में सीओ के साथ भारी संख्या में फोर्स गांव पहुंची तो ग्रामीण बैकफुट पर आए। पुलिस आधा दर्जन ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। ग्राम प्रधान मौका पाकर भाग निकलने में सफल रहा।
उदयपुर के कुंभीआइमा ग्राम प्रधान का करीबी मुंसीर खान पुत्र हबीबउल्ला शुक्रवार को सरकारी नाले पर अवैध कब्जा करने की नीयत से जबरन निर्माण कार्य करवा रहा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी। जिस पर एसआई घनश्याम अवैध निर्माण रोकवाने गांव पहुंच गए। सिपाही के साथ पहुंचे दरोगा ने निर्माण कार्य बंद करने को कहा तो मुंसीर ने ग्राम प्रधान मुश्ताक अहमद को फोन कर बुला लिया। प्रधान मौके पर पहुंचते ही दरोगा पर भडक़ उठा। दरोगा को उल्टा सीधा कहते हुए ग्रामीणों को ललकारने लगा। प्रधान के ललकारने पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडा लेकर पुलिस को खदेड़ दिया। ग्रामीणों के तेवर देख पुलिस गांव से बाहर गई और सीओ व थाना प्रभारी को घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस से ग्रामीणों के मारपीट पर उतारू होने की जानकारी पर सीओ रमेशचंद्र दो थानों की फोर्स के साथ कुंभीआईमा पहुंचे। भारी फोर्स देख प्रधान मुश्ताक मौके से भाग निकला। पुलिस पर हमलावर हुए ग्रामीण भी भागने लगे। ग्रामीणों के भागने केे बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और आधा दर्जन लोगों को दबोच लिया। पुलिस के तेवर देख गांव में सन्नाटा पसर गया। यहां पकड़े गए लोगों को उदयपुर थाने में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
वर्जन----
जबरन निर्माण व विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को निर्देश दिया गया है।
रमेशचंद्र, सीओ, लालगंज।
फोटो--
देश की जनता को मोदी सरकार ने दिया धोखा : प्रमोद
लालगंज (ब्यूरो)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पार्टी के स्टार प्रचारक प्रमोद तिवारी ने शुक्रवार को कलापुर, रोहाड़ा व देल्हूपुर में जनसभाओं को संबोधित किया। कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार रत्ना सिंह के पक्ष में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार झूठे वादे व जुमले के चलते जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होने कहा कि किसान, नौजवान व महिलाओं की तरक्की के लिए किया गया एक भी वायदा पीएम मोदी पूरा नहीं कर सके। श्री तिवारी ने कहा कि कांग्रेस के न्याय योजना को लागू किए जाने की घोषणा के बाद जनता अब कांग्रेस को जनादेश देने का मन बना चुकी है। उन्होने कहा कि आवारा पशुओं की देखभाल में प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह से नाकाम रही है। जिससे किसानों के खेतों की फसल बर्बाद हो गई। इसका मुआवजा भी सरकार किसानों को नहीं दे सकी। जनसभा को राजकुमार रत्ना सिंह ने भी संबोधित किया। जनसभा की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह ददन व संचालन मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने किया। इस मौके पर चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, भइयाराम तिवारी, अमरेश सिंह, जय सिंह, विनोद सिंह, पप्पू तिवारी, रमाशंकर तिवारी, हरिबहादुर सिंह, कुंवर ज्ञानेंद्र सिंह, महादेव प्रसाद मिश्र, बड़ेलाल सिंह, छोटेलाल सरोज आदि मौजूद रहे।
फोटो--
बाइक छिनैती के आरोपी गए जेल, तमंचा व कारतूस बरामद
उदयपुर (ब्यूरो)। स्थानीय पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध असलहे संग गिरफ्तार किया है। उदयपुर के प्रभारी निरीक्षक को शुक्रवार की भोर मुखबिर ने सूचना देकर बताया कि देवरी के समीप तीन बदमाश अवैध असलहा लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा। जबकि एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान अमेठी के कोहरा निवासी संदीप सिंह व चौबेपुर के अंकुर यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से पुलिस को एक तंमचा व दो जिंदा कारतूस मिला है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास बरामद बाइक भी चोरी की है। जिसे आरोपियों ने 25 मार्च को उदयपुर के कुंभीआईमा से छीन लिया था। फरार आरोपी के पहचान अमेठी के चौबेपुर निवासी शिवकुमार के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तीनों आरोपी बाइक छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया। जबकि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।