फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खूनी हुईं सड़कें, इंजीनियर समेत पांच की मौत

Sun, 03 Dec 2017 11:07 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में इंजीनियर समेत पांच लोगों की जान चली गई। हादसे में इंजीनियर की पत्नी व मां की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें उपचार के लिए इलाहाबाद रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की जानकारी मिलने के बाद घरों में कोहराम मचा रहा।

हाईवे पर ट्रक ने कार में मारी टक्कर, इंजीनियर की मौत
रानीगंज कैथौला संवाददाता के अनुसार नगर कोतवाली के विमलाकुटी सिविल लाइन निवासी देवांश श्रीवास्तव (32) पुत्र प्रदीप श्रीवास्तव इंजीनियर थे। अपने मकान में ही उन्होंने क्लीनिक खोल रखी थी। चार दिन पूर्व वह अपनी दंत चिकित्सक पत्नी  श्रुति श्रीवास्तव (28) व मां रेनू (58) के साथ ननिहाल में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ गए थे। शादी में शामिल होने के बाद शनिवार को वह घर के लिए निकले। रास्ते में चचेरे भाई के घर चले गए। जहां से रात नौ बजे के बाद कार लेकर घर के लिए चल पड़े। सभी लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग से आ रहे थे। लालगंज कोतवाली के रानीगंज कैथौला के करीब पूरे बोधी में सामने से आ रहे ट्रक और उनकी कार में भिड़ंत हो गई। जिससे देवांश उनकी पत्नी श्रुति और मां रेनू गंभीर रूप से घायल हो गई। दो वर्षीय बेटा दीरित श्रीवास्तव बाल-बाल बच गया।
विज्ञापन

सूचना मिलने पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने देवांश को मृत घोषित कर दिया। पत्नी व मां की हालत गंभीर देख इलाहाबाद रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अलावा दोस्त अस्पताल पहुंचे। मां और पत्नी अभी भी जीवन और मौत से संघर्ष कर रहीं हैं। इस घटना से इंजीनियर के परिवार में कोहराम मचा रहा। रविवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए चले गए।नगर कोतवाली के सिविल लाइन निवासी इंजीनियर देवांश श्रीवास्तव की शादी तीन साल पहले हुई थी। शादी के बाद बेटे दीरित का जन्म हुआ। दो साल का दीरित भी कार में सवार था। हादसे में दीरित को खरोंच तक नहीं आई। वह मां व दादी से लिपटकर रोता रहा। जिसके कारण उसके कपड़ों में भी खून लग गया था। कार की दशा देखकर कोई नहीं कह सकता कि वाहन में सवार लोग बचे हों। कार के पीछे देवांश की पत्नी व मां बैठी थीं। दोनों का पैर टूट गया है। रविवार की सुबह अस्पताल से लेकर चिकित्सक के घर तक कोहराम मचा रहा। हर कोई शोक जताने के लिए पहुंचता रहा।

ससुराल जा रहे साथी संग युवक को ट्रक ने रौंदा
अंतू थाना क्षेत्र के चैन का पुरवा निवासी त्रिभुवन वर्मा (30) पुत्र कृष्णा वर्मा शनिवार की रात अपने दोस्त विजय कुमार (22) पुत्र छोटेलाल निवासी पूरे बहेलिया को साथ लेकर ससुराल सहजीपुर जा रहा था। बाबूगंज के करीब सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद उनके ऊपर से पहिया गुजर गया। जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। जबकि कंट्रोल रूम की जानकारी के बाद भी अंतू व नगर कोतवाली पुलिस ट्रक को पकडने में नाकाम रही। घटना की जानकारी मिलने के बाद कोहराम मच गया। रविवार को शवों का पोस्टमार्टम हुआ। परिजनों ने बताया कि त्रिभुवन की पत्नी ससुराल में थी। जिसके चलते वह अपने दोस्त विजय को लेकर जा रहा था। परिवार के लोग दोनों को रोक रहे थे लेकिन वे नहीं माने और काल के
गाल में समा गए।

अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्धा की मौत
लालगंज कोतवाली के नया पुरवा निवासी दुर्गा देवी (60) पत्नी संकठा प्रसाद शनिवार की देर रात घर के सामने लखनऊ-वाराणसी हाईवे पार कर रही थी। हाईवे पार करने के दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। उसकी मौके ही मौत हो गई। परिवार के लोग रोने पीटने के बाद शव लेकर घर चले गए और शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन


हाईवे पर बेकाबू ट्रक ने पल्लेदार को रौंदा
लीलापुर संवाददाता के अनुसार लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर रविवार की सुबह बेकाबू ट्रक ने पल्लेदार को रौंद दिया। लालगंज कोतवाली के नखादा निवासी विक्रांत शुक्ला (50) बाजारों में पल्लेदारी कर परिवार का गुजर बसर करता था। रविवार की सुबह वह लीलापुर बाजार डीएपी खरीदने के लिए आया था। अभी वह सड़क पर पहुंचकर बाजार की ओर जा ही रहा था कि तभी प्रतापगढ़ की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। जिससे मौके पर ही विक्रांत की दर्दनाक मौत हो गई। आसपास के लोगों ने चालक व खलासी को दबोच लिया। पिटाई के बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें