बैंक डकैती का मास्टर माइंड मुंबई से गिरफ्तार
एसटीएफ ने दबोचा, पुलिस कर रही पूछताछ, कई बड़ी घटनाओं का खुल सकता है राज
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। अंतू थाना क्षेत्र के गोबरी स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक जगेशरगंज शाखा में हुई डकैती के मास्टर माइंड को एसटीएफ ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि उसके पकड़ जाने के बाद जिले में हुईं कई बड़ी घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
अंतू थाना क्षेत्र के गोबरी में रूमा डिग्री कालेज के बगल डा. राजेंद्र सिंह के मकान में बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा जगेशरगंज का संचालन होता है। 14 सितंबर को बैंक प्रबंधक कमलेशचंद्र यादव व कैशियर पंकज समेत अन्य कर्मचारी पहुंचे। बैंक खुलते ही लेनदेन के लिए ग्राहकों का आना-जाना शुरू हो गया। सुबह करीब 11.45 बजेे दो अपाची बाइक से छह नकाबपोश बदमाश बैंक के बाहर पहुंचे। एक बाहर ही खड़ा रहा, जबकि पांच हाथों में असलहा लेकर सीधे बैंक में घुस गए। भीतर मौजूद ग्राहकों व कर्मचारियों को धमकाते हुए एकतरफ खड़ा करा दिया। बैंक के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले। दो बदमाश काउंटर से छलांग लगाते हुए कैशियर के पास पहुंचे। बैंक मैनेजर की कुर्सी खाली देख कैशियर पंकज से स्ट्रांगरूम के साथ कैश काउंटर की चाभी मांगने लगे। न देने पर उसे तमंचे की बट से पीटकर लहूलुहान कर दिया। पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी देने लगे। कैशियर ने बदमाशों को स्ट्रांग रूम व कैश काउंटर की चाभी दे दी। चाभी मिलते ही बदमाशों ने स्ट्रांग रूम से 4 लाख और कैश काउंटर से लगभग 2 लाख रुपये समेट लिए। पुलिस आरोपियों की खोज कर ही रही थी। इलाहाबाद और लखनऊ एसटीएफ की टीम ने भी जिले में डेरा डाल दिया। एसटीएफ इलाहाबाद की टीम के उपनिरीक्षक श्रीनिवास यादव ने बैंक डकैती के मास्टर माइंड कोहड़ौर के रहने वाले अभिषेक सरोज को मुंबई से दबोच लिया। उसे प्रतापगढ़ लाया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हलाकि एसपी अभी इससे इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि एक आरोपी पकड़ा गया है। उसके पकड़े जाने से प्रतापगढ़ में हुईं कई बड़ी घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
झांसा देकर बैग उड़ाया, एटीएम से निकाल लिए रुपये
प्रतापगढ़। मुंबई से लौट रहे बुजुर्ग को झांसा देकर उचक्कों ने उनका बैग उड़ा दिया। इसके बाद बैग में रहे एटीएम कार्ड से रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
नगर कोतवाली के पूरे बेदुआ निवासी प्रह्लाद कुमार शुक्ल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शुक्रवार को मुंबई से आए। प्राइवेट बस स्टैंड के पास खड़े होकर सवारी गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इस बीच एक बाइक पर सवार दो युवक मिले और उन्हें घर तक छोडने की बात कहकर बैठा लिया। विकास भवन के पास अपना रुमाल गिरा दिया। कुछ दूर आगे जाने के बाद प्रह्लाद से रुमाल लाने के लिए कहा। उनका बैग हाथ में लिए थे। जैसे ही वह रुमाल लेने गए कि बदमाश बैग लेकर भाग निकले। बैग में कपड़े के साथ चार एटीएम कार्ड और डायरी थी। डायरी में प्रह्लाद ने एटीएम का कोड लिख रखा था। बदमाशों ने उनके खाते पचास हजार से अधिक रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी से कार्रवाई की मांग
प्रतापगढ़। लालगंज कोतवाली के गाबी महुआवन निवासी अधिवक्ता निसार अहमद ने एसपी को शिकायती पत्र देकर लालगंज एसएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि लालगंज एसएसआई रिपोर्ट दर्ज करवाने से लेकर किसी भी तरह के काम के लिए घूंस मांगते हैं। पैसा न देने पर परेशान करते हैं।