इलाहाबाद एसटीएफ ने शनिवार को कुंडा कस्बे में शराब के अवैध कारोबार के बड़े खेल का खुलासा किया। कस्बे के कबड़ियागंज में चोरी-छिपे चल रही शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने के साथ ही नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर में पहुंची टीम ने यहां करीब दो करोड़ की अवैध शराब बरामद की। साथ ही साढ़े चार लाख रुपये नगद, दो बाइक एक फोर्ट फिगो कार भी मिली। कार्रवाई के बाद एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इस पर कुंडा के साथ ही महेशगंज, हथिगवां, मानिकपुर, नवाबगंज थानों की फोर्स भी पहुंच गई। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। खबर लिखे जाने तक किसी के खिलाफ मुकदमा नहीं दर्ज हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसमें कुछ बड़े और सफेदपोश लोग भी शामिल हैं।
कुंडा कस्बे के कबड़ियागंज में शनिवार दोपहर करीब बारह बजे एसटीएफ इलाहाबाद की टीम ने सीओ प्रवीण सिंह की अगुवाई में छापेमारी की। यहां मनोज जायसवाल के मकान में भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब बरामद हुई। यहां हरियाणा से लाई गई अंग्रेजी शराब में उत्तर प्रदेश का होलोग्राम व मोनोग्राम लगाया जा रहा था। देशी शराब तैयार करने के साथ ही शीशियों में भरने और पैक करने का काम होता था। एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बगैर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही दो मोटरसाइकिल एक फोर्टफिगो कार के साथ ही साढ़े चार लाख कैश बरामद किया। देशी और अंग्रेजी शराब की करीब तीन हजार पेटियां भी बरामद हुईं। एसटीएफ ने छापेमारी करने के बाद कुंडा पुलिस को सूचना दी। मौके पर कुंडा पुलिस के साथ ही महेशगंज, हथिगवां, मानिकपुर, नवाबगंज की फोर्स भी पहुंच गई। बरामद शराब को उसी मकान में सील कर दिया गया।
पकड़े गए राजेंद्र पुत्र जंगबहादुर निवासी रायकाशीपुर संग्रामगढ़, संजय सिंह पुत्र श्रीकृष्ण बहादुर सिंह कनावा कुंडा, सोनू श्रीवास्तव पुत्र बच्चन निवासी फतूहाबाद महेशगंज, समर सिंह पुत्र जय सिंह निवासी गांधीनगर कुंडा, नीरज पटेल पुत्र विंदेश्वरी निवासी संग्रामगढ़, धर्मेंद्र कुमार पुत्र लल्लूराम निवासी मुख्तार नगर कुंडा, सुरेश कुमार पुत्र रामकुमार बिजलीपुर संग्रामगढ़, नाजिम अहमद पुत्र खलील अहमद मुरैनी संग्रामगढ़, बबलू पटेल पुत्र हरिश्चंद्र निवासी संग्रामगढ़ खास टीम पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही मिले कैश और पेटियों में मिली शराब का हिसाब देर शाम तक लगाया जाता रहा। इसके अलावा मौके से देशी शराब की शीशियां, ढक्कन, रैपर, होलोग्राम, मोनोग्राम सहित पैकिंग के लिए गत्ते आदि भी मिले। फिलहाल शराब को थाने और आबकारी विभाग के पास जगह न होने के कारण उसी कमरे में सील कर दिया गया है। देर शाम तक कुंडा पुलिस और एसटीएफ लिखापढ़ी करने में लगी थीं।