शहर के हादीहाल के करीब ई-लॉटरी खेलवाने को लेकर शनिवार को दो गुटों में जमकर लात-घूंसे चले। वहां मौजूद दांव लगाने वाले मारपीट होते देख भागने लगे। काफी देर तक एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देना जारी रहा। पुलिस का वाहन देख लोग खिसक लिए। हादीहाल के करीब चाय की दुकान पर नंबर गेम लगाने वालों का जमघट लगा था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अचानक ई-लाटरी से जुड़े दूसरे गुट के लोग पहुंच गए। कुछ बातचीत के बाद उनके बीच मारपीट होने लगी। दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे। यह देख दांव लगाने वालों में भगदड़ मच गई। करीब दस मिनट तक दोनों गुटों के बीच मारपीट होती रही। तभी पुलिस की जीप आती देख मारपीट करने वाले भाग निकले। इसे लेकर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। वहीं दूसरी ओर जेल रोड तिराहे से ई-लाटरी का संचालन कर रहे राहुल समेत तीन लोगों को पुलिस ने धर दबोचा। उनके पास एक कापी मिली। जिसमें नंबर व कोड में नाम लिखा था। नगर कोतवाल ने बताया कि जेल रोड से ई लाटरी के संचालक व दो अन्य लोगों का चालान किया गया। हादीहाल के करीब मारपीट की जानकारी नहीं है।