जमीनी रंजिश में दंपती पर धारदार हथियार से हमला
प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा क्षेत्र के मानापुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसियों ने दंपती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल विवाहिता को नाजुक हालत में जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने पति की तहरीर पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मानापुर निवासी मदन ने देवसरा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी नल पर बर्तन साफ कर रही थी। जमीनी रंजिश में पड़ोसी अजय, विजय, अरविंद व बालगोविंद ने जान से मारने की नियत से फावड़े से हमला कर दिया। जिससे मदन की पत्नी ऊषा को गंभीर चोट आयी है। बचाव को गए पति पर भी हमलावरों ने हमला किया और मारपीट कर उसे घायल कर दिया। परिजन बेहोशी की हालात में ऊषा को सीएचसी अमरगढ़ ले गए। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। आसपुर देवसरा पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर जानलेवा हमले समेत कई गंभीर धाराओं में चार अभियुक्तों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद