सोमवार से शुरू हुई परिषदीय विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा के मानकों की धज्जियां उड़ीं। नगर और उससे सटे विद्यालयों में किताब खोलकर नकल कराई गई।
हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाओं में नकल का तरीका अब परिषदीय विद्यालयों में पहुंच गया है। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में सोमवार को शुरू हुई परीक्षाओं में पहले दिन ही नकल हुई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय पल्टन बाजार, पूरे ईश्वरनाथ, प्राथमिक विद्यालय पांडे का पुरवा, सगरा, शुकुलपुर में नकल का नजारा देखने को मिला।
शुकुलपुर में ब्लैक बोर्ड पर लिखकर हिंदी की नकल कराई जा रही थी। हालांकि कई स्कूल ऐसे भी मिले जहां पर शांतिपूर्वक ढंग से परीक्षा हो रही थी। जिन विद्यालयों में नकल का मामला उजागर हुआ वहां के स्टाफ से पूछा गया तो कोई कुछ भी नहीं बोला। लेकिन कैमरा देखते ही अफरा-तफरी जरूर मच गई थी। बता दें कि जिले के 2699 परिषदीय स्कूलाें में वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। इसमें कक्षा पांच और आठ की परीक्षा बोर्ड से हो रही है। सोमवार को प्राइमरी में हिंदी और मिडिल में हिंदी विषय का पेपर था। कई विद्यालयों में पेपर भी कम पहुंचा था। नकलविहीन परीक्षा का दावा झूठा साबित हुआ।