लालगंज अझारा से प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग कर घर लौट रहे प्रतियोगी छात्र महेंद्र यादव को बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में प्रयागराज ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
जेठवारा के नगर पंचायत डेरवा सराय इंद्रावत निवासी महेंद्र यादव (23) लालगंज अझारा में प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग करने साइकिल से जाता था।
शुक्रवार सुबह वह साइकिल से कोचिंग करने गया था। दोपहर में घर लौटते समय भावनपुर खटवारा के करीब बेकाबू कार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां पहुंचने से पहले उसकी रास्ते में मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई वीरेंद्र कोटेदार हैं और पिता मुंबई में निजी कंपनी में काम करते हैं। उसकी मौत के बाद परिजन रोते-बिलखते रहे।