एक साथ 200 लोगों के बैठने की होगी क्षमता, नगर पालिका की आय का बनेगा जरिया
- पीपीपी मॉडल पर जिला प्रशासन व नगर पालिका कराएगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। शहीद उद्यान स्थित उत्सव हॉल के करीब 200 लोगों के एक साथ बैठने की क्षमता वाला कम्यूनिटी हॉल बनेगा। इससे नगर पालिका की आय भी बढ़ेगी। कम्यूनिटी हॉल का निर्माण पीपीपी मॉडल पर होगा। इसके लिए नगर पालिका की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने शहीद उद्यान के करीब उत्सव हाल के करीब कर्मचारियों के आवास के पास खाली जमीन पर पीपी मॉडल के तहत कम्यूनिटी हाॅल बनाने की सलाह दी है। इसके लिए करीब 20 लाख रुपये जिलाधिकारी की ओर से नगर पालिका को मिलेगा। 30 से 40 लाख रुपये नगर पालिका केंद्रीय वित्त से खर्च करेगी। कम्यूनिटी हॉल में करीब 200 लोग एक साथ बैठ सकेंगे। हॉल का निर्माण करीब 15 बिस्वा जमीन पर होगा। जरूरत पड़ी तो कर्मचारियों का आवास तोड़ा जाएगा। उनके लिए कम्यूनिटी हॉल के ऊपर आवास बनाया जा सकता है। इसी हाल के बगल पहले से ही नगर पालिका ने मार्केट का निर्माण कराया है।
नगर पालिका कम्यूनिटी हॉल को किराए पर भी देगी, ताकि पालिका की आय बढ़ाई जा सके। वैसे भी शहर में सरकारी व संस्थाओं के लिए कार्यक्रम के लिए लोगों को दूसरे संस्थानों में जगह की तलाश करनी पड़ती है। ईओ राम अचल कुरील ने बताया कि पीपी मॉडल के तहत आधुनिक कम्यूनिटी हॉल का निर्माण कराए जाने की तैयारी है। उम्मीद है कि जल्द ही इसका निर्माण भी प्रारंभ होगा।
तुलसी सदन खाली न होने पर होती है दिक्कत
वैसे तो सरकारी कार्यक्रम अफीम कोठी व तुलसी सदन में होते हैं। चूंकि शहर में स्थित तुलसीसदन की अधिक मांग रहती है। जब तुलसीसदन खाली नहीं रहता तो जिला प्रशासन व प्राइवेट कंपनी के लोगों को मैरिज हॉल तलाशना पड़ता है। इसके बन जाने से लोगों की दिक्कत दूर हो जाएगी।