रानीगंज। शिवगढ़ ब्लाक के तिवारीपुर में खसरा संक्रमण के खौफ से प्राथमिक स्कूल के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति आधे से भी कम हो गई है। प्रधानाचार्य खुद ही संक्रमण से सहमे हुए हैं। सहायक अध्यापिका संक्रमण की गिरफ्त में है। स्वास्थ्य विभाग की टीम दो माह के भीतर महज दो बार गांव पहुंची।
तिवारीपुर गांव में बीते दो माह से खसरा का संक्रमण फैला हुआ है। दर्जनों बच्चे इस बीमारी के गिरफ्त में आ चुके हैं। मौजूदा समय में दर्जन भर बच्चे जहां बीमार है वहीं गांव में संचालित प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापिका आशा देवी निवासी जगदीशपुर भी खसरा की चपेट में आ गई हैं। प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज त्रिपाठी ने बताया कि उनके विद्यालय में 72 छात्र एवं छात्राओं का दाखिला हुआ है। मौजूदा समय में महज 32 छात्र-छात्राएं ही स्कूल आ रहे हैं।
कुछ बच्चे खसरा की गिरफ्त में आ गए हैं तो कुछ अभिभावक ऐसे हैं जो बीमारी के डर बस बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिए हैं। सहायक अध्यापिका भी संक्रमित हो गई हैं। आधे से ज्यादा बच्चे संक्रमित हुए ओर स्वस्थ होने के बाद विद्यालय आ रहे हैं। शिकायत के बाद शनिवार को एक मोहल्ले में टीम पहुंची और कुछ बच्चों को दवा देकर वापस लौट गई। सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ला ने बताया कि जहां भी सूचना मिल रही है। टीम भेजकर इलाज कराया जा रहा है।
तौकलपुर गौरियान बस्ती में भी मिले हैं 10 बच्चे खसरा से संक्रमित
देल्हूपुर के तौकलपुर में दस बच्चों में खसरा का लक्षण मिला है। जानकारी के बाद रानीगंज सीएचसी की टीम पहुंचकर सभी बच्चों को बिटामिन ए की खुराक पिलाया। बुखार से पीड़ित बच्चों में दवाएं दी गईं। बच्चों को बचाव के लिए मीजिल्स के टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉक्टर के अलावा बीपीएम दीपक श्रीवास्तव, बीएमसी अनुज वर्मा, बीसीपीएम अमित सिंह, सीएचओ अमिता सिंह बच्चों के इलाज में लगे हैं।
दस माह के जहीर का हो रहा उपचार
दिलीपपुर थाना क्षेत्र के यहियापुर के रहने वाले दस माह के आबू जहीर खसरे के संक्रमण की गिरफ्त में सप्ताह भर पहले आया था। उसकी हालत में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज के एक अलग वार्ड में रखकर इलाज किया जा रहा है।