नवरात्रि पर शहर में लगी 36 दुर्गा प्रतिमा पंडालों एवं दर्शनार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारी मुकम्मल कर ली है। पंडालों में परिचय पत्र के साथ कमेटी के सदस्य होंगे। पूजा पंडालों में बालू, पानी व अग्निशमन यंत्र जरूर रखना होगा। नगर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पूजा पंडालों में कमेटी के जिम्मेदार लोगों को बताया जा चुका है कि आग से बचाव का प्रबंध किया जाए। दर्शनार्थियों के लिए पूजा पंडाल में महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग गैलरी होगी। कमेटी के लोगों की यह जिम्मेदारी होगी कि मां दुर्गा प्रतिमा के पास जल रहे दीपक को प्रत्येक दशा में ढक करा रखें। ध्वनि विस्तारक यंत्र मानक के मुताबिक बजाया जाय। श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संजय खंडेलवाल का कहना है कि पूजा पंडाल में कटे विद्युत तार का प्रयोग न करें। आग से बचाव के लिए अग्निशमन यंत्र रखें। बालू की बाल्टी, पानी की बाल्टी, दीपक को खुले स्थान पर रखे, 24 घंटे एक सदस्य मौजूद रहे।