महज 600 दिनों में पैसे को तीन गुना करने का वायदा करने वाली चिटफंड कंपनी फरार होने से उपभोक्ता के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई है। जमा पूंजी गंवा चुके उपभोक्ता बार-बार अपने कोसते हुए थाने पहुंचकर शिकायत की।
रानीगंज तहसील क्षेत्र के दुर्गागंज बाजार में करीब चार वर्ष से क्रिप्टो करेंसी नाम की चिटफंड कंपनी उपभोक्ताओं को अपने लुभावने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये जमा करा चुकी थी। कंपनी 600 दिन में तीन गुना पैसा करने का दावा उपभोक्ताओं से किया था। 600 दिन की अवधि पूरी होने पर उपभोक्ताओं ने कर्मचारियों को फोन करना शुरू किया तो अधिकांश का मोबाइल नंबर बंद मिले।
मोबाइल नंबर बंद होने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। शुक्रवार को दुर्गागंज क्षेत्र के जयरामपुर गांव निवासी शिवम कुमार, सुरेंद्र कुमार पटेल, राजापुर महोथरी के विपिन कुमार, रानीगंज के नीरज व हुसैनपुर के राकेश, राजू गुप्ता, राजेंद्र जायसवाल ,प्रकाश सरोज, रामगढ़ के रवि कुमार यादव, हुसैनपुर के नागेंद्र सरोज, रामगढ़ के विजय पटेल, रामचौरा के अबरार अंसारी का आरोप है कि 600 दिनों में पैसा तीन गुना करने के लिए लगभग सभी उपभोक्ताओं का करीब 10 करोड़ रुपये चिटफंड कंपनी ने जमा करा लिए।
कम समय में अधिक पैसा मिलने के कारण उपभोक्ताओं ने निवेश भी कर दिया। एक सप्ताह से कंपनी की सभी वेबसाइट और अधिकारियों व कर्मचारियों का मोबाइल नंबर बंद होने से नाराज उपभोक्ताओं ने पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में मामला नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।