सीबीआई अधिकारी बताकर कार सवार टप्पेबाजों ने दवा सेल्समैन से एक लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर जिले के शास्त्री नगर निवासी बृजेंद्र श्रीवास्तव एक मेडिकल कंपनी में दवा सेल्समैन हैं। उन्होंने बताया कि जिले के एक नर्सिंग होम संचालक से पत्नी के लिए इलाज के लिए एक लाख रुपये उधार लिए थे। पत्नी को प्रयागराज स्थित अस्पताल में भर्ती करना था। उधार लेने के बाद वह ई रिक्शा से सदर बाजार पहुंचे। सुल्तानपुर जाने के लिए साधन का इंतजार करने लगे। सदर बाजार पहुंचे कार सवार दो लोगों ने उनसे बताया कि वह सुल्तानपुर जा रहे हैं। घर जल्दी पहुंचने के लिए वह भी कार की पीछे की सीट पर बैल्गयागए। कुछ देर बाद दो लोग कार में आकर बैठ गए। कार सवार दोनों युवकों ने वाकी टॉकी से चेकिंग की बात की। बरामद रुपयों के बारे में जानकारी की। युवकों ने कार सवार बृजेंद्र से कहा कि जो रुपये पास में है, उसे दे दो। आगे अधिकारियों की चेकिंग लगी है। पीछे की सीट पर उसके दोनों तरफ बैठे लोगों ने 40 और 15 हज़ार रुपये होने की बात कही। बृजेंद्र ने बताया कि उसके पास एक लाख रुपये है। खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर टप्पेबाज युवकों ने एक लिफाफा देकर पैसा रखने की बात कही। सुल्तानपुर में उतरते समय लिफाफा देने की बात कही। मदाफरपुर मोड़ के पास उतरने पर बृजेंद्र ने लिफाफा मांगा। टप्पेबाजों ने हस्ताक्षर करने के बहाने से लिफाफा बदल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कोहडौर और मदाफरपुर बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि मामला संदिग्ध है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।