अभिभावकों ने जताया विरोध, अफसरों ने पहुंचकर दर्ज किया बयान
अभिभावक की तहरीर पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलोई (अमेठी)। शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने का एक मामला सामने आया है। स्कूल में पढ़ाई दौरान शिक्षक के छेड़छाड़ से परेशान छात्राओं ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। शुक्रवार को अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। प्राथमिक अधिकारियों ने जांच कर शिक्षक को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शिक्षक को हिरासत में ले लिया है।
तिलोई तहसील क्षेत्र के एक विद्यालय में शुक्रवार की सुबह हंगामा मच गया। स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि कार्यरत प्रधानाध्यापक रामकृष्ण छात्राओं से छेड़छाड़ करते हैं। इसकी जानकारी जैसे ही प्रशासनिक अमले को लगी तो हड़कंप मच गया। कुछ छात्राएं अभिभावकों के साथ थाने भी पहुंच गई।
जानकारी के बाद बीएसए संजय तिवारी, डीआईओएस रीता सिंह, एसडीएम दिग्विजय सिंह, एसएचओ मोहनगंज धीरेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। अफसरों ने आक्रोशित अभिभावकों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया। इसी बीच ब्लॉक प्रमुख के पति कृष्ण कुमार सिंह मुन्ना समेत कई शिक्षक नेता भी विद्यालय पहुंच गए। मामले में सभी ने प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की बात कही।
इनसेट
छात्राओं ने सुनाई व्यथा
डीआईओएस रीता सिंह ने बंद कमरे में पीड़ित पांच छात्राओं के बयान दर्ज किए। छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर पढ़ाई के दौरान अश्लील हरकत करने व छेड़छाड़ करने की बात कही। छात्राओं का कहना था कि शिक्षक की मनमानी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर विभागीय जांच के लिए बीईओ की संयुक्त टीम गठित कर दी है।