युवक को गोली मारने वाले तीन लोगों पर जानलेवा हमले का मुकदमा
- वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार हो चुकी है मारपीट, घटना में प्रयुक्त असलहे को लेकर हुई थी छीनाझपटी
संवाद न्यूज एजेंसी
आसपुर देवसरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के पूरे धनी में रविवार की शाम वर्चस्व के विवाद में युवक को गोली मारने वाले तीन लोगों पर पुलिस ने जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी घर से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के रमगढ़ा निवासी हरिश्चंद्र तिवारी की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोप लगाया है कि रविवार की शाम वह पूरेधनी गांव स्थित प्रेमचंद जायसवाल की दुकान पर यूरिया लेने गया था। पास ही उसका बेटा नितिन तिवारी दुकान पर बैठकर समोसा खा रहा था। तभी पड़ोस के अंबुज तिवारी, संजय उपाध्याय और विजय उपाध्याय बाइक से पहुंचे। अचानक उन लोगों ने उसके बेटे को गोली मार दी। एक गोली उसके जबड़े और दूसरी गले के पास लगी। मेडिकल कॉलेज से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसआरएन भेजा गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि घायल नितिन जेल जा चुका है। मौजूदा समय में उसका भाई नितेश हत्या के मामले में जेल में निरुद्ध है। नामजद आरोपियों और नितिन के बीच वर्चस्व को लेकर अक्सर मारपीट की घटना होती रही है। घटना के समय भी असलहे की छीनाझपटी हुई थी। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी दुर्गेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।