कोहड़ौर के मदाफरपुर में जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों का शव रखकर कोनी बाजार में जाम लगाने वाले जिला पंचायत सदस्य संजय पटेल समेत 63 लोगों पर कंधई पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की कार्रवाई पर जिला पंचायत सदस्य ने नाराजगी जताते हुए डीएम से गुहार लगाई है।
कंधई थाने में ततैनात दरोगा मोहम्मद शमशेर आलम ने मुकदमा दर्ज कराया है कि 23 सितंबर की रात कोनी के रहने वाले बृजेश व गुलाब की जेसीबी से टक्कर के बाद मौत हो गई थी। दूसरे दिन पोस्टमार्टम के बाद परिजन व ग्रामीण शव लेकर घर जा रहे थे। रास्ते से ही लौटे और कोनी बाजार में जाम लगा दिया।
जाम की वजह से चिलबिला-मदाफरपुर मार्ग पर करीब छह घंटे तक आवाजाही बंद रही। उत्तेजित लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गाली-गलौज करते हुए दुकानों को बंद करा दिया था। जिससे माहौल खराब हो गया।
दरोगा की तहरीर पर मंगरौरा द्वितीय के जिला पंचायत सदस्य संजय पटेल, मेवालाल वर्मा, पंकज पाल, महेंद्र, अजय पटेल पुत्र रामसुंदर, अजय पटेल पुत्र राजमणि, विजय पटेल, बुद्धीराम, लक्ष्मण वर्मा, मंजीत, लालमन पटेल, विपिन सरोज, विकास पटेल व 50 अज्ञात पुरुष व महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
इस मामले में जिला पंचायत सदस्य संजय पटेल का कहना है कि वह जाम की जानकारी पर मौके पर पहुंचे थे। मौके से ही जिलाधिकारी की बात पीड़ित परिवार से कराई थी। डीएम ने पीड़ितों को मदद का आश्वासन दिया था।