रानीगंज थाना क्षेत्र के खाखापुर चौराहे पर बाइक हटाने के विवाद में एक युवक की सिपाही के साथ मारपीट हो गई। इस दौरान सिपाही ने युवक की पिटाई कर दी। इससे गुस्साए युवक ने सिपाही को थप्पड़ जड़ दिया। मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश कर रही है।
फतनपुर थाने की पीआरवी शनिवार दोपहर खाखापुर चौराहे पर मौजूद थी। सड़क पर खड़ी बाइक हटाने को लेकर हुई कहासुनी में सिपाही ने दुकानदार जयसिंह पटेल को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दुकानदार ने भी सिपाही को पीट दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में देर रात आरक्षी योगेश कुमार की तहरीर पर रानीगंज पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने प्रकरण की जांच सीओ रानीगंज को सौंपी है।