सात माह पूर्व रहस्यमय तरीके से आठ वर्षीय मासूम की मौत के मामले में पुलिस ने सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पिता सात माह तक केस दर्ज करवाने के लिए भटकता रहा। हत्या की वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
अंतू थाना क्षेत्र के ही वंशी का पुरवा निवासी ललित मिश्रा के आठ वर्षीय बेटे नैतिक मिश्रा का शव 12 नवंबर 2022 को घर के सामने नीम के पेड से लटकता मिला था। बेटे की मौत पर पिता ने गांव के ही संगम मिश्रा व श्रवण मिश्रा के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने तब मुकदमा दर्ज नहीं किया था। इसके बाद पिता सात माह तक विभिन्न अधिकारियों के पास केस दर्ज करवाने के लिए भटकते रहे। जब जाकर अंतू पुलिस ने एसपी के आदेश पर संगम मिश्रा और श्रवण मिश्रा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर किया। थानाध्यक्ष जीतेंद्र सिंह ने बताया है मुकदमा दर्ज करके घटना की जांच की जा रही है।
हत्या के प्रयास के आरोपियों के घर कुर्की की तैयारी
संडवा चंद्रिका। अंतू थाना क्षेत्र के पतुलकी निवासी मोहम्मद मतीन ने गांव के ही रहने वाले पांच लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें तीन आरोपियों की जमानत हो गई थी। घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी साहबे आलम व फरहान के घर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट का आदेश चस्पा किया है। संवाद