हाईवे पर टोल प्लाजा के डिवाइडर से टकराई बस, 17 स्नानार्थी घायल
- अयोध्या- प्रयागराज राजमार्ग पर धरौली मधुपुर में हुई घटना, बहराइच व गोंडा से बस बुक कर वसंत पंचमी पर जा रहे थे संगम
- बस पर सवार थे 65 स्नानार्थी, घटना के बाद मदद के लिए रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
मकूनपुर (प्रतापगढ़) । वसंत पंचमी के पर्व पर संगम स्नान करने जा रहे स्नानार्थियों से भरी बस मंगलवार भोर में अयोध्या- प्रयागराज राजमार्ग पर धरौली मधुपुर के करीब निर्माणाधीन टोल प्लाजा के डिवाइडर से टकरा गई। बस में सवार 65 सवारियों में से 17 घायल हो गईं। चार लोगों की हालत गंभीर देख उन्हें एंबुलेंस से प्रयागराज भेजा गया।
जनपद बहराइच और गोंडा के बगड़ंडवा बाजार से निजी बस बुक कराकर स्नानार्थी सोमवार की रात आठ बजे घर से निकले। बस में बुजुर्ग, महिलाओं व बच्चों को लेकर कुल 65 लोग सवार थे। मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे बस अमेठी जनपद की सीमा के आगे निर्माणाधीन टोल प्लाजा के डिवाइडर से टकरा गई। जिससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सीएचसी कोहड़ौर पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल बहराइच के अरुण (40), धनीराम (50), पुद्दन (60) और मोहित (25) को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। घटना के बाद मदद के लिए बस में सवार दूसरे स्नानार्थी परेशान रहे। करीब दस बजे थाने के एसएसआई कमलेश पांडेय मौके पर पहुंचे। बस में सवार लोगों से बातचीत कर दूसरे साधन से घर या संगम जाने की बात कही। लोगों ने बताया कि किराया तो पहले ही जमा हो गया है। बस मालिक ने दूसरा वाहन के इंतजाम की बात कही। दोपहर बाद सभी प्रयागराज के लिए रवाना हुए।
इनसेट-
हादसे में ये हुए घायल
डिवाइडर से बस टकराने के बाद गोंडा के कटरा बाजार चतुर का पुरवा निवासी जीवन लाल (57), उसका बेटा बबलू (35), करनैलगंज बिराहिमपुर निवासी मिश्रीलाल (56), बहराइच के हुजूरपुर निवासी पारसनाथ (40), बृजेश (10), गुल्लू प्रसाद (50), मेवा लाल उर्फ मैकू (65), चौधरी (55), करीडीह निवासी सोनम (40), रानीपुर हुजूरपुर निवासी ममता (40), हुजूरपुर निवासी राधा (40), मथी निवासी शिवपत्ती (40), जनका (35) शामिल हैं।
इनसेट
दो घंटे पहले ढाबे पर चालक ने खाई थी दवा, घटना के बाद हुए फरार
डिवाइडर से बस टकराने के बाद चालक व परिचालक भाग निकले। सवारियों का आरोप था कि घटनास्थल से दो किलोमीटर पहले ड्राइवर ने किसी ढाबे पर चाय पी थी। चाय पीते समय उसने दवा का सेवन किया था। मंगलवार सुबह दस बजे तक चोटहिल अस्पताल से लेकर घटनास्थल तक भटकते रहे।