दो माह पहले चिलबिला शाखा से मुख्य शाखा भेजी गई 60 लाख में से पांच लाख रुपये गायब हो गए। विभागीय जांच के बाद मुख्य प्रबंधक ने तीन कर्मचारियों पर मानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कराया है।
मेडिकल कॉलेज के करीब स्थित एसबीआई मुख्य शाखा प्रबंधक ने कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराया कि 22 अप्रैल 2024 की शाम चिलबिला शाखा से 60,20,000 रुपये की धनराशि आईबीटी के जरिये मुख्य शाखा में जमा करने के लिए भेजी गई।
बक्से में कुल 23 बंडल रखे गए। इनमें पांच सौ के नौ बंडल, दो सौ के तीन बंडल, 100 के आठ बंडल, 50 के दो बंडल और बीस का एक बंडल था। 23 जून की सुबह जब बक्सा खोला गया तो उसमें पांच लाख का एक बंडल कम था। सीसीटीवी फुटेज देखने पर कैश कुली राहुल प्रजापति की भूमिका संदेह के घेरे में मिली। वहीं दूसरे कैश कुली परवेज आलम व सूर्यकांत का आवागमन होता रहा। मुख्य शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने तीनों कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है।