विकासखंड संडवाचंद्रिका स्थित प्राथमिक विद्यालय पीरूपुर से गायब रहे शिक्षकों और शिक्षामित्रों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीएसए ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक दिन के वेतन और मानदेय आहरण पर रोक लगा दी। सुबह 7.30 बजे विद्यालय में शिक्षक व शिक्षामित्र बिना सूचना के अनुपस्थित थे।
शिक्षकों के अनुपस्थिति के बावजूद विद्यालय में विद्यार्थी उपस्थित होकर इधर-उधर टहल रहे थे। विद्यालय में शिक्षकों के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लेकर बीएसए ने प्रधानाध्यापक अपूर्वा सिंह, सहायक अध्यापक अजीत मौर्या, सोनू सरोज और शिक्षामित्र कंचन देवी, सुधा देवी, राजेश सरोज के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दिन के वेतन और मानदेय के आहरण पर रोक लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया।
हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और फोटो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर अनुपस्थित शिक्षकों और शिक्षामित्रों का वीडियो वायरल हो रहा था। इसके आधार पर कार्रवाई की गई है। खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।