वाराणसी में बैठक से लौट रहे सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक की हाईवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। साथ गए दूसरे बैंक के शाखा प्रबंधक और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा कार के सामने मवेशी आने से हुआ।
बिहार के पटना निवासी चालीस वर्षीय मनीष कुमार लीलापुर के लक्ष्मणपुर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में शाखा प्रबंधक थे। वह लालगंज में किराए के मकान में रहते थे। मंगलवार को रानीगंज स्थित सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक संदीप कुमार और उनकी पत्नी राधा के साथ कार से वाराणसी में बैंक की ओर से बैठक में शामिल होने गए थे। लालगंज के समीप रात एक बजे लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर अचानक मवेशी सामने आने से कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
हादसे में कार चला रहे शाखा प्रबंधक मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस द्वारा गंभीर रूप से घायल रानीगंज सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक और उनकी पत्नी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मृतक के रिश्तेदार नगर कोतवाली के बाबागंज न्यू कालोनी निवासी हरिदर्शन आस्तिक की शिकायत पर पुलिस ने शाखा प्रबंधक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।