प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर छोलहा के करीब बेकाबू ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार कृष्णा की मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहरपुर मेहदिया निवासी कृष्णा पांडेय (24) ने गत दिनों पुलिस भर्ती परीक्षा दी थी। बृहस्पतिवार को वह अमेठी के मंगरा में गैस एजेंसी संचालक राजेंद्र के पिता की तेरही कार्यक्रम में शामिल होने बाइक से जा रहा था। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के छोलहा जयपुरिया स्कूल के पास सामने से अचानक आए ट्रैक्टर ट्राली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे एसआरएन रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक दो भाइयों में छोटा था। थानाध्यक्ष प्रीती ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।