बेल्हा माइनर से अवैध कब्जेदारों को हटाना जिला प्रशासन के लिए आसान नहीं होगा। किसी ने पक्का मकान तो किसी ने सेफ्टीटैंक बनवा रखा है। प्रशासन ने माइनर पर कब्जा करने वाले 63 लोगों के नाम नोटिस जारी किया है। जिले में इन दिनों बेल्हा माइनर को अवैध कब्जेदारों से खाली कराने को लिए गठित तीन सदस्यीय टीम जहां सक्रिय हो गई है, वहीं अवैध कब्जेदारों ने बीच का रास्ता निकालने के लिए पैरवी शुरू कर दी है। बेल्हा माइनर पर बीस साल से भी अधिक समय से कब्जा किया गया है। कई लोग ऐसे हैं जिन्होंने पूरा मकान ही नहर पर खड़ा कर दिया है। ऐसे में मकान जमीदोंज करने में जिला प्रशासन को विरोध झेलना पड़ सकता है। इधर सिंचाई विभाग से सहायक अभियंता एके सिंह ने नोटिस जारी कर यह स्पष्ट कर दिया है कि किस व्यक्ति ने नहर के कितने एरिया में अवैध कब्जा किया है। जो नोटिस दिया गया है, उसमें उसका पूरा जिक्र किया गया है। नोटिस में अवैध कब्जा हटाने के लिए पंद्रह दिन का समय दिया गया है। इसके बाद अतिक्रमण हटवाने हटाने के लिए अभियान चलेगा। बृजेश कुमार, जमुना शंकर, सुरेंद्र विक्रम सिंह, बिंदू, रामफेर ही नहीं बल्कि देवकली में जिन लोगों को नोटिस मिली है, उसमें अधिकांश लोगों ने नहर पर पक्का मकान खड़ा कर रखा है।