कोतवाली देहात के सिटी कस्बे में शनिवार की शाम हंगामा करने वाला कार सवार बैंक प्रबंधक निकला। चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी बैंक प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया।
लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर सिटी चक्काजी के पास शनिवार की शाम कार सवार ने हंगामा करते हुए एक बालक को दौड़ाया था। बालक को अगवा करने का शोर मचने पर हरकत में आई पुलिस खोजबीन करने लगी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष विनीत उपाध्याय ने बताया कि कार सवार जयनाथ सरोज एक बैंक का प्रबंधक है।
वह नशे की हालत में अपने चालक के साथ घर जा रहा था। सिटी कस्बे में रुककर तोड़फोड़ करते हुए हंगामा करने लगा। यह देख एक बालक वीडियो बनाने लगा तो उसे दौड़ा लिया। लोगों ने समझा कि वह बालक को अगवा करने की कोशिश कर रहा है। आरोपी बैंक प्रबंधक को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया।