पुलिस की मुठभेड़ में गोली से घायल छात्रा के हमलावर के खिलाफ सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी के पास से पिस्टल भी बरामद की गई है। मेडिकल कॉलेज से रेफर होने के बाद परिजनों ने सोमवार को प्रयागराज जाकर उससे मुलाकात की।
रानीगंज थाना क्षेत्र के संडौरा गांव के समीप वृहस्पतिवार को कोचिंग के लिए साइकिल से निकली 12वीं की छात्रा के साथ युवक ने दुष्कर्म का प्रयास करते हुए उसे मारपीट कर घायल कर दिया था। पुलिस ने रविवार की दोपहर उसकी पहचान कर ली।
देर शाम मुखबिर की सूचना पर रानीगंज संडौरा गांव के संजय गौतम (24) को पकड़ने के लिए पुलिस पहुंची, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायर करना शुरू कर दिया। जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। उसके पास पुलिस ने एक पिस्टल, खोखा व दो कारतूस बरामद किया।
घायल आरोपी को इलाज के लिए पहले मेडिकल कॉलेज लाया गया, वहां से सोमवार को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि पुलिस अभिरक्षा में घायल का इलाज चल रहा है। डिस्चार्ज होने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।